भेष बदलकर नाच रहा था कातिल,पटना पुलिस ने 'ग्राहक' बनकर शातिर हत्यारोपित को दबोचा

पटना पुलिस ने दो साल पुराने संजय उर्फ सोनी हत्याकांड के मुख्य आरोपित सूरज उर्फ शिवानी को नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया। जानें कैसे पुलिस ने सादे लिबास में ग्राहक बनकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

Maner police arrested sanjay murder accused
पटना पुलिस ने 'ग्राहक' बनकर शातिर हत्यारोपित को दबोचा- फोटो : news 4 nation

पटना जिले की मनेर पुलिस ने दो साल पुराने बहुचर्चित संजय उर्फ सोनी हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नौबतपुर निवासी दुखन चौधरी के पुत्र सूरज उर्फ शिवानी उर्फ पिंकी के रूप में हुई है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे मनेर के व्यापुर स्थित एक किराए के मकान से दबोचा, जहाँ वह किन्नरों के झुंड के साथ छिपकर रह रहा था।


नृत्य कार्यक्रम के दौरान चाकू मारकर की गई थी हत्या

यह मामला 29 नवंबर 2024 का है, जब छिहत्तर गांव निवासी संजय कुमार उर्फ पिंकी की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई मुकेश ने सूरज उर्फ शिवानी समेत चार अन्य किन्नरों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मनेर थाना में केस दर्ज कराया था। घटना के बाद से ही आरोपित अपना ठिकाना और भेष बदलकर फरार था, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन ट्रेस करने में काफी कठिनाई हो रही थी।


एसआइ अनुज कुमार की सूझबूझ और तकनीकी अनुसंधान

इस पूरे ऑपरेशन को मनेर थाना के एसआई अनुज कुमार गुप्ता लीड कर रहे थे। एसआई विक्की आनंद और अनुज गुप्ता ने पिछले कई महीनों से नाच-गाना एवं आर्केस्ट्रा में काम करने वाले लोगों को विश्वास में लेकर अपना गुप्तचर बनाया। सटीक सूचना मिली कि आरोपित सूरज भेष बदलकर विक्रम इलाके में रह रहा है। एक दिन पूर्व उसे पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह डीजे ट्रॉली पर डांस कर रहा था और भीड़ का फायदा उठाकर निकल गया।

शादी की बुकिंग के बहाने पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस ने हार नहीं मानी और दूसरे दिन सादे लिबास में व्यापुर स्थित किन्नरों के डेरे पर पहुंची। पुलिस टीम ने खुद को शादी समारोह के लिए प्रोग्राम बुक करने वाला बताया और 'शिवानी' से मिलने की इच्छा जताई। दर्जनों किन्नरों के बीच आरोपित को पहचानना मुश्किल था, क्योंकि वह पूरी तरह लड़की के भेष में था। पुलिस ने चालाकी से उसका फोटो खींचकर गुप्तचर को भेजा और पहचान सुनिश्चित होने के बाद उसे 'सट्टा' करने के बहाने गाड़ी के पास बुलाया और दबोच लिया।


हत्या या आत्महत्या? आरोपित और परिजनों के अलग दावे


पुलिस पूछताछ में आरोपित ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है, वहीं उसकी माँ विमल देवी ने सूरज को निर्दोष बताया है। परिजनों का दावा है कि संजय ने आत्महत्या की थी और सूरज ने केवल उसे बचाने के लिए अस्पताल पहुँचाने में मदद की थी। पुलिस फिलहाल इस दावे की जांच कर रही है और आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।