'हमसे बड़ी चूक हुई'... बांकीपुर हार पर RJD में घमासान, भाई वीरेंद्र बोले- तेजस्वी के आसपास के लोगों पर बरसे
भाई वीरेंद्र ने कहा कि राजद को नए सिरे से जनता के बीच जाने और उनसे सीधा संवाद स्थापित करने की जरूरत है। पार्टी को अपनी कमियों को स्वीकार करते हुए संगठन को मजबूत करना होगा। इस चुनाव में पार्टी से बड़ी चूक हुई है और उसी का असर परिणाम में हुआ
Bihar News: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजे के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में आत्ममंथन की आवाजें तेज हो गई हैं। पार्टी के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने चुनाव परिणाम को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि पार्टी को नए सिरे से संगठन और नेतृत्व के आसपास की टीम की समीक्षा करनी होगी। भाई वीरेंद्र ने कहा कि तेजस्वी यादव के आसपास मौजूद कुछ लोगों को हटाने की जरूरत है। उनका दावा था कि जनता उन लोगों को लेकर नाराज है और उनके खिलाफ असंसदीय भाषा तक का प्रयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर भरोसा किया गया, उनमें से कुछ ने उस भरोसे को तोड़ा है। ऐसे लोगों की भूमिका की भी पार्टी को गंभीरता से समीक्षा करनी चाहिए।
राजद समर्थकों ने पीके को दिया वोट
उन्होंने कहा कि राजद को नए सिरे से जनता के बीच जाने और उनसे सीधा संवाद स्थापित करने की जरूरत है। पार्टी को अपनी कमियों को स्वीकार करते हुए संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने माना कि इस चुनाव में पार्टी से बड़ी चूक हुई है और उसी का असर परिणाम में देखने को मिला। भाई वीरेंद्र ने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव का जनादेश भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने की मंशा से राजद के कई समर्थकों ने भी जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर के पक्ष में मतदान किया, क्योंकि वे मुकाबले में सबसे मजबूत स्थिति में थे।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पार्टी अच्छे और जमीनी नेताओं को मुख्यधारा में लाए तथा नेतृत्व के आसपास ऐसे लोगों को जगह दे, जो जनता के बीच मजबूत पकड़ रखते हों। उनके अनुसार, पार्टी को आत्ममंथन करते हुए नई रणनीति के साथ आगे बढ़ना होगा।
भाजपा का विस्तार नीतीश की वजह से
जदयू नेताओं के इस बयान पर कि यदि नीतीश कुमार सक्रिय रहते तो बांकीपुर में भाजपा को हार का सामना नहीं करना पड़ता, भाई वीरेंद्र ने असहमति जताई। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा का विस्तार नीतीश कुमार की वजह से हुआ है। उनका आरोप था कि भाजपा को मजबूत करने में सबसे बड़ी भूमिका नीतीश कुमार की रही है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में सबसे अधिक भ्रष्टाचार भी नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुआ है।
पीके की धमाकेदार जीत
गौरतलब है कि पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने 19,324 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। प्रशांत किशोर को कुल 64,117 वोट (49.23 प्रतिशत) मिले। वहीं भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 44,794 वोट (34.40 प्रतिशत) प्राप्त हुए, जबकि राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता 14,263 वोट (10.95 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
रंजन की रिपोर्ट