बांकीपुर उपचुनाव में हार के बाद संसद भवन में पीएम मोदी से मिले नीतीश कुमार
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से पराजित किया। अब नीतीश कुमार ने पीएम मोदी से मुलाकात की है.
Bihar News : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा तथा केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी मौजूद रहे। मुलाकात को औपचारिक एवं शिष्टाचार भेंट बताया गया है। दोनों नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर संक्षिप्त चर्चा हुई।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में हुए पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के परिणाम ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। एनडीए के लिए प्रतिष्ठा मानी जा रही इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से पराजित किया। प्रशांत किशोर को 64,117 वोट (49.23 प्रतिशत) मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 44,794 वोट (34.40 प्रतिशत) प्राप्त हुए। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी रेखा गुप्ता 14,263 वोट (10.95 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
उपचुनाव के नतीजे आने के बाद एनडीए के भीतर हार के कारणों को लेकर मंथन शुरू हो गया है। जदयू और भाजपा दोनों ने चुनाव परिणाम की समीक्षा करने की बात कही है। वहीं विपक्षी दल भी इस परिणाम को लेकर लगातार राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसे माहौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संसद भवन में हुई यह शिष्टाचार मुलाकात राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।