ऑपरेशन सिंदूर के योद्धा का खगड़िया में भव्य सम्मान, 28 साल तक देश की रक्षा करने वाले सूबेदार इन्द्रदेव कुमार भूषण को किया गया सम्मानित

Operation Sindoor: भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सूबेदार इन्द्रदेव कुमार भूषण के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...

Operation Sindoor Veteran Honoured After 28 Years in Army
ऑपरेशन सिंदूर के योद्धा को सम्मान- फोटो : reporter

Operation Sindoor: भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सूबेदार/एएम टेक (रेडार) इन्द्रदेव कुमार भूषण के सम्मान में मंगलवार को खगड़िया में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पूर्व सैनिक संघ, खगड़िया की ओर से गौशाला रोड स्थित भूतपूर्व सैनिक संघ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 28 वर्षों की गौरवपूर्ण सैन्य सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हुए सूबेदार भूषण को सम्मान-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर उनके अद्वितीय योगदान को सलाम किया गया।

31 जुलाई 2026 को भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए सूबेदार इन्द्रदेव कुमार भूषण का समारोह में पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने पूरे सेवाकाल में अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

अपने संबोधन में सूबेदार इन्द्रदेव कुमार भूषण ने कहा कि भारतीय सेना की वर्दी पहनकर मातृभूमि की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और सौभाग्य रहा। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च कर्तव्य है। उन्होंने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं से अनुशासित जीवन जीने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे समाज और युवाओं के बीच रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे

सूबेदार इन्द्रदेव कुमार भूषण ने 27 जुलाई 1998 को भारतीय थल सेना की इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स (EME) शाखा में अपनी सेवा शुरू की थी और 31 जुलाई 2026 को 28 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए। वे एमबीए (एचआर) तथा बीई (इलेक्ट्रॉनिक्स समकक्ष) की शैक्षणिक योग्यता रखते हैं। सैन्य सेवा के साथ-साथ पिछले 23 वर्षों से योग प्रशिक्षक के रूप में भी वे लोगों को स्वस्थ जीवन और योग के प्रति जागरूक करते रहे हैं।

मूल रूप से खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड के सतीश नगर निवासी सूबेदार भूषण वर्तमान में भवानी नगर, हरदाशचक (पश्चिम), खगड़िया में रहते हैं। उनकी पत्नी सुधा कुमारी एक प्रधान शिक्षिका हैं।समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने सूबेदार इन्द्रदेव कुमार भूषण की राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक योगदान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्ट- अमित कुमार