पटना में खाकी पर दाग! साम्यागढ़ थानाध्यक्ष 27 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार!

पटना में खाकी पर दाग! साम्यागढ़ थानाध्यक्ष 27 हजार रिश्वत ले

पटना जिले के साम्यागढ़ थाना क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने  साम्यागढ़ थाना परिसर से ही पुलिस अवर निरीक्षक-सह-थानाध्यक्ष (SHO) सौरभ कुमार को 27,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी से पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।


जेसीबी चलाने के एवज में मांगी थी हफ्ता (साप्ताहिक) रिश्वत

निगरानी ब्यूरो से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, साम्यागढ़ थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर निवासी मनोज कुमार (पिता- बृजनन्दन यादव) ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी मनोज कुमार ने आरोप लगाया था कि थानाध्यक्ष सौरभ कुमार द्वारा इलाके में जेसीबी (JCB) चलाने के एवज में उनसे नियमित रूप से साप्ताहिक रिश्वत (हफ्ता) की मांग की जा रही थी।


डीएसपी अरुणोदय पाण्डेय के नेतृत्व में धावादल का गठन

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच और सत्यापन के दौरान थानाध्यक्ष द्वारा घूस मांगे जाने का आरोप सही पाया गया। इसके बाद 17 जुलाई 2026 को निगरानी थाना में कांड संख्या 0-085/26 दर्ज किया गया और अनुसंधानकर्त्ता व वरीय पुलिस अधीक्षक (DSP) अरुणोदय पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया।


विशेष कोर्ट में पेशी और आगे की कानूनी कार्रवाई

डीएसपी अरुणोदय पाण्डेय के नेतृत्व में पहुंची धावादल टीम ने पूरी योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को 27 हजार रुपये कैश लेते हुए धर दबोचा। निगरानी टीम आरोपी थानाध्यक्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया और पूछताछ के बाद आरोपी को पटना स्थित माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी) में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी व अनुसंधान की कार्रवाई जारी है।

पटना से रंजीत कुमार की रिपोर्ट