IGIMS में सुरक्षा का नया पहरा, अपराधियों और दलालों पर कसेगा शिकंजा, जल्द बनेगा TOP थाना

Patna Hospital Security, बिहार के सबसे बड़े सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था अब और मजबूत होने जा रही है।...

IGIMS Patna Gets New Police Outpost to Boost Hospital Securi
अपराधियों और दलालों पर कसेगा शिकंजा- फोटो : social Media

Patna Hospital Security: बिहार के सबसे बड़े सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था अब और मजबूत होने जा रही है। अस्पताल परिसर में जल्द ही एक नया टाउन आउट पोस्ट  स्थापित किया जाएगा। इस फैसले का मकसद अस्पताल में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों, दलालों की सक्रियता और अव्यवस्था पर लगाम लगाना है।

टाउन आउट पोस्ट थाना स्थापित करने का महत्वपूर्ण निर्णय बिहार के पुलिस महानिदेशक और इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान प्रशासन के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक में अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से मंथन हुआ। इसमें टाउन आउट पोस्ट के लिए भवन चयन, पुलिस बल की तैनाती, जरूरी संसाधन, कार्यक्षेत्र और संचालन व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान   में हर दिन करीब 14 से 20 हजार लोगों की आवाजाही होती है। यहां बिहार के कोने-कोने से मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, वहीं पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग चिकित्सा सुविधा लेने आते हैं। मरीजों, परिजनों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, मेडिकल छात्रों और कर्मचारियों की भारी भीड़ के कारण सुरक्षा चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं।

अस्पताल परिसर में मोबाइल चोरी, जेबतराशी, पार्किंग विवाद, अभद्र व्यवहार और दलालों की मनमानी जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। इलाज के नाम पर मरीजों और उनके परिजनों को गुमराह करने वाले बिचौलियों की गतिविधियां भी प्रशासन के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई हैं।बैठक में अस्पताल परिसर की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों का विस्तार, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था और आपात स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को बेहतर बनाने की योजना तैयार की गई है।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कई बार इलाज के दौरान लोगों के मोबाइल, सामान चोरी होने और बाहरी तत्वों के कारण परेशानी की शिकायतें मिलती रही हैं। इसके अलावा अस्पताल के बाहरी इलाकों में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी भी चिंता का विषय बनी हुई है।टाउन आउट पोस्ट थाना बनने के बाद अस्पताल परिसर में पुलिस की स्थायी मौजूदगी सुनिश्चित होगी। इससे किसी भी आपराधिक घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी और मरीजों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सकेगा।प्रशासन का मानना है कि यह कदम इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान  को न सिर्फ बेहतर चिकित्सा केंद्र बनाएगा, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी एक मजबूत और भरोसेमंद संस्थान के रूप में स्थापित करेगा।