Patna Police: पटना में पुलिस दीदी की टीम से हाथापाई, अभद्रता के मामले में एक युवक गिरफ्तार
Patna Police: पटना के रामकृष्णानगर में पुलिस दीदी की टीम से अभद्र व्यवहार और हाथापाई के मामले में एक युवक गिरफ्तार हुआ है। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Patna Police: पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में पुलिस दीदी की टीम के साथ अभद्र व्यवहार और हाथापाई करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना 30 सितंबर की शाम खेमनीचक के सुभाषनगर मोड़ के पास हुई थी। पुलिस ने CCTV फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
संदिग्ध गतिविधि देखकर तीन युवकों को रोका
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 की शाम रामकृष्णानगर थाना की पुलिस दीदी टीम महिलाओं की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए नियमित गश्त कर रही थी। शाम करीब 6:30 बजे टीम खेमनीचक के सुभाषनगर मोड़ के पास पहुंची। यहां तीन युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस दीदी की टीम ने तीनों को रोककर उनका नाम और पता पूछना शुरू किया।
एक युवक ने की हाथापाई
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान एक युवक ने पुलिस दीदी के साथ अभद्र व्यवहार किया और हाथापाई करने लगा। टीम ने उसे रोकने और हिरासत में लेने की कोशिश की। इसी बीच तीनों युवक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान शुरू की।
CCTV से आरोपी की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मानवीय सूचना भी जुटाई गई। इन प्रयासों के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों में से एक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रदीप कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कामेश्वर राय का बेटा है और खुशरूपुर थाना क्षेत्र के डुपन टोला का रहने वाला बताया गया है।
दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल दो अन्य युवकों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस उनकी पहचान और ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। रामकृष्णानगर थाना पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
पटना से अनिल की रिपोर्ट