बिहार विधान परिषद चुनाव 2026: AAP ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, शिक्षक और स्नातक सीटों पर ठोकी ताल
Bihar MLC Election 2026: बिहार की राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने के इरादे से आम आदमी पार्टी ने आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने राज्य की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन सीटों पर अपने प्रत्याशियों को उतारने का ऐलान किया है। इस संबंध में AAP के प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने उम्मीदवारों की पहली आधिकारिक सूची जारी कर दी है।
पार्टी द्वारा जारी पहली लिस्ट में प्रमुख और पढ़े-लिखे चेहरों पर दांव खेला गया है.
पटना स्नातक सीट- यहाँ से हिमांशु पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है।
दरभंगा शिक्षक सीट- इस सीट पर डॉ. शंभूनाथ ठाकुर को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
तिरहुत स्नातक सीट- यहाँ से ऋषि अग्रवाल AAP के प्रत्याशी होंगे।
कोशी
स्नातक सीट: इस महत्वपूर्ण सीट से वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. मैथ्यू देव को टिकट दिया गया है।
आम आदमी पार्टी का मानना है कि राज्य के शिक्षित वर्ग, शिक्षकों और युवाओं के मुद्दों को उठाने के लिए उच्च सदन में मजबूत प्रतिनिधित्व जरूरी है। प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा कि पार्टी बिहार के विकास, शिक्षा सुधार और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के अपने संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है।
स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, स्नातक और शिक्षक सीटों पर सीधे प्रत्याशी उतारकर AAP ने यह साफ संकेत दे दिया है कि वह बिहार के आगामी चुनावों में किसी भी क्षेत्रीय या राष्ट्रीय दल को हल्के में नहीं लेने वाली है। इन सीटों पर पढ़े-लिखे मतदाताओं की बहुलता होती है, जहाँ दिल्ली और पंजाब के विकास मॉडल के सहारे AAP अपनी पैठ बनाने की कोशिश करेगी। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद से ही संबंधित क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं।