बिहार MLC चुनाव: महागठबंधन टूटा! राजद को कांग्रेस का बड़ा झटका, घोषित किए 5 उम्मीदवार
Bihar MLC Election 2026 : बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर तस्वीर उलझती नजर आ रही है। कांग्रेस ने पांच सीटों पर अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इनमें कई ऐसी सीटें शामिल हैं, जिन पर राजद पहले ही अपने उम्मीदवार घोषित कर चुका है। ऐसे में कांग्रेस की सूची सामने आने के बाद महागठबंधन के भीतर सीटों के तालमेल और आपसी सहमति को लेकर नए सिरे से चर्चा शुरू हो गई है।
AICC की ओर से जारी सूची के अनुसार कांग्रेस ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. मदन मोहन झा, कोसी स्नातक से मनोज कुमार जायसवाल, दरभंगा स्नातक से रजनीकांत पाठक, पटना शिक्षक से डॉ. संजय यादव और पटना स्नातक से डॉ. असदुल्लाह खान को उम्मीदवार बनाया है। खास बात यह है कि कांग्रेस की घोषित पांच सीटों में से कई पर राजद भी पहले ही प्रत्याशी उतार चुका है। इससे दोनों दलों के बीच चुनावी तालमेल को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
आठ सीटों पर होना है चुनाव
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों पर चुनाव होना है। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर 2026 है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को और मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी। इन सीटों पर मौजूदा विधान पार्षदों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।