PMCH में हाई कोर्ट की वकील और जज से बदसलूकी! मोबाइल, नकदी और सोने की चेन गायब होने का आरोप

पटना PMCH के आईसीयू गेट पर विवाद के बाद महिला अधिवक्ता अदिति मेधा ने पीरबहोर थाने में लिखित शिकायत दी। बीच-बचाव में आए जज को निशाना बनाने और सामान गायब होने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।

pmch icu gate advocate assault judge
PMCH में हाई कोर्ट की वकील और जज से बदसलूकी!- फोटो : Reporter

पटना के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीएमसीएच (PMCH) में बुधवार को इमरजेंसी वार्ड स्थित आईसीयू में भर्ती अपने परिजन को देखने पहुंची हाई कोर्ट की महिला अधिवक्ता अदिति मेधा के साथ विवाद हो गया। पीड़िता के मुताबिक, आईसीयू के बाहर तैनात गार्ड ने उनसे बदसलूकी की। जब उन्होंने इसका विरोध किया और अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करने लगीं, तो गार्ड ने कथित तौर पर हाथापाई शुरू कर दी।


मारपीट और बीच-बचाव करने आए जज को निशाना बनाने का आरोप

अधिवक्ता अदिति मेधा का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गार्ड ने कुछ अन्य लोगों को बुला लिया, जिनमें कुछ डॉक्टर और अन्य कर्मी भी शामिल थे, जिनके साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीच-बचाव के लिए आगे आए जज को भी भीड़ ने निशाना बनाया। घटना के दौरान अस्पताल परिसर के नीचे जज और पीड़िता के वाहनों को क्षतिग्रस्त किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।


पुलिस हस्तक्षेप और सुरक्षित बचाव

अस्पताल में हंगामे और विवाद की सूचना मिलते ही पीरबहोर और कदमकुआं थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थिति को संभालते हुए जज और महिला अधिवक्ता अदिति मेधा को सुरक्षित रूप से भीड़ से बाहर निकाला, जिससे तनाव को और बढ़ने से रोका जा सका।


मोबाइल, नकदी, चेन और दस्तावेज गायब होने का दावा

पीड़िता ने इस घटना को लेकर पीरबहोर थाने में लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि विवाद और अफरा-तफरी के दौरान उनके तीन मोबाइल फोन, 12 हजार रुपये नकद, न्यायालय से जुड़े कागजात और जज के गले की सोने की चेन गायब हो गई है।


नामजद शिकायत के आधार पर पुलिस जांच शुरू

महिला अधिवक्ता की लिखित शिकायत के आधार पर कई लोगों को नामजद किया गया है। पीरबहोर और कदमकुआं थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है और लगाए गए आरोपों व घटनाक्रम की सत्यता की जांच की जा रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट