Bihar News : बीएसएफ जवान का पार्थिव शरीर पहुंचते ही कटसा में मचा कोहराम, अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब

Bihar News : जम्मू के अरनिया सेक्टर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 22 वर्षीय कांस्टेबल देवानंद मांझी का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके पैतृक गांव कटसा पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया।

Bihar News : बीएसएफ जवान का पार्थिव शरीर पहुंचते ही कटसा में
जवान को अंतिम विदाई - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA : जम्मू के अरनिया सेक्टर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 22 वर्षीय कांस्टेबल देवानंद मांझी का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके पैतृक गांव कटसा पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। जवान के अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। तिरंगे में लिपटे बेटे का शव देखते ही परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। मां रीता देवी बेटे का पार्थिव शरीर देखते ही बेसुध होकर गिर पड़ीं। वहीं, भाई श्रवण कुमार ताबूत के पास सिर पर हाथ रखकर फूट- फूटकर रोते रहे। बहन कविता और बबीता की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 

कामेश्वर मांझी के पुत्र

देवानंद मांझी भेल्दी थाना क्षेत्र के कटसा गांव निवासी कामेश्वर मांझी के पुत्र थे। वह जम्मू के अरनिया सेक्टर स्थित निकोवाल पोस्ट पर तैनात थे। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात वह पोस्ट पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी सर्विस राइफल से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य जवानों ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस को घटना की सूचना दी। गोली लगने की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। बीएसएफ के अधिकारी घटना के कारणों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

तिरंगे के साथ निकली अंतिम यात्रा, जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर: 

बुधवार को करीब 11 बजे पार्थिव शरीर गांव पहुंचने के बाद अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। इसके बाद जवान की अंतिम यात्रा निकाली गई। भेल्दी थाना परिसर से सैनिक वाहन पर पार्थिव शरीर को डोरीगंज श्मशान घाट ले जाया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग बाइक और अन्य वाहनों से तिरंगा लेकर अंतिम यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और वीर जवान अमर रहें के नारों से पूरा रास्ता गूंजता रहा। 

गार्ड ऑफ ऑनर

डोरीगंज श्मशान घाट पर एनडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में जवानों ने देवानंद मांझी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दुखद घड़ी में राजद नेत्री रोहिणी आचार्य, पूर्व मंत्री एवं गड़खा विधायक सुरेंद्र राम, राजद जिलाध्यक्ष व पूर्व प्रमुख सुनील राय तथा मुखिया गौतम कुमार साह ने कटसा गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की। जवान की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट