पटना के GPO गोलंबर के पास वाहन जांच में पुलिस और यूट्यूबर में विवाद, ट्रैफिक एसपी ने दिए जांच के आदेश
पटना के GPO गोलंबर के नीचे वाहन जांच के दौरान पांच चालान होने पर लाइसेंस रद्द करने की बात को लेकर पुलिस और खुद को यूट्यूबर बताने वाले चालक में विवाद हो गया। ट्रैफिक एसपी सागर झा ने जांच के आदेश दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर।
राजधानी पटना के जीपीओ गोलंबर के नीचे ड्यूटी के दौरान यातायात पुलिस ने झारखंड नंबर की एक गाड़ी (JH 02 AW 2769) को रोका। मौके पर तैनात एसआई सुबोध कुमार और सिपाही रंजन कुमार पांडे ने जब वाहन की जांच की, तो पता चला कि इस गाड़ी पर पहले से ही पांच चालान कटे हुए हैं। यातायात नियमों के तहत पांच चालान लंबित होने पर ड्राइवर का लाइसेंस रद्द करने का प्रावधान है, जिसे लेकर पुलिसकर्मियों और वाहन चालक के बीच बहस शुरू हो गई।
लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी पर भड़का चालक, खुद को बताया यूट्यूबर
पदाधिकारी ने वाहन चालक को नियमों का हवाला देते हुए जुर्माना भरने या ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने की बात कही। इसी बात पर चालक भड़क गया और खुद को सोशल मीडिया यूट्यूबर बताते हुए मौके पर हंगामा व वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद विवाद को शांत कराने के लिए दोनों पक्षों को कोतवाली थाना बुलाया गया।
शराब पीने के आरोप की जांच में नहीं हुई पुष्टि
घटना के दौरान सामने आए एक वीडियो में एक सिपाही द्वारा यह कहा जाता सुनाई दिया कि संबंधित व्यक्ति शराब पिए हुए है। हालांकि, कोतवाली थाना लाए जाने के बाद जब इसकी विधिवत जांच की गई, तो शराब पीने के आरोप की पुष्टि नहीं हुई।
ट्रैफिक एसपी सागर झा ने दिए जांच के आदेश
पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद पटना के ट्रैफिक एसपी सागर झा ने संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और वीडियो व तथ्यों के आधार पर जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पटना से रंजीत की रिपोर्ट