प्रेमी के साथ पकड़ी गई विवाहित महिला: पहले पति का सिंदूर धुलवाया, मंदिर में कराई शादी
बिहार के बेगूसराय जिले के डंडारी क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के मामले में रातभर रोके रखने के बाद सुबह गांव के मंदिर में शादी कराने का वीडियो वायरल हो गया है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा जारी है।
बिहार के बेगूसराय जिले के डंडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मैसहा गांव के वार्ड नंबर-4 में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, रात में चोरी-छिपे मिलने पहुंचे एक विवाहित महिला और उसके प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और रातभर रोके रखने के बाद सुबह गांव के मंदिर में दोनों की शादी करा दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान पहले महिला की मांग से उसके पहले पति के नाम का सिंदूर धुलवाया गया और फिर प्रेमी ने उसकी मांग में सिंदूर भरा।
छह महीने पहले हुई थी शादी, बड़ी बहन के देवर से था संबंध
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गांव निवासी रामविनय तांती की बेटी की शादी करीब छह महीने पहले लखीसराय में हुई थी, लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद ही वह मायके लौट आई और ससुराल जाने से इनकार कर दिया। बताया जाता है कि महिला का अपनी बड़ी बहन के देवर रोहित के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जो लाखो गांव का निवासी है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध थे और विवाह के बाद भी उनका मिलना-जुलना जारी रहा।
रात में पकड़े गए दोनों, सुबह मंदिर में हुई रस्म
बताया जा रहा है कि बीती रात रोहित अपनी प्रेमिका से मिलने मैसहा गांव पहुंचा था, तभी घर के पास दोनों को एक साथ देखकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया। परिजनों और गांव वालों को सूचना देने के बाद सुबह करीब पांच बजे दोनों को गांव के मंदिर के पास ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए। वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं और बुजुर्ग महिला की मांग का सिंदूर पानी से धुलवाते दिख रहे हैं, जिसके बाद रोहित ने उसकी मांग में सिंदूर भरा और ग्रामीणों के कहने पर महिला ने उसके पैर छुए।
मायके में रह रहे दोनों, आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार
इस पूरी घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा कराई गई शादी के बाद दोनों के फिलहाल महिला के मायके में रहने की बात कही जा रही है, जबकि रोहित के परिजनों को भी गांव बुलाया गया था। हालांकि, मामले में दोनों पक्षों की सहमति, जबरन शादी कराए जाने के दावों और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है, और यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।