1 लाख की इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार, 9 साल से पुलिस कर रही थी तलाश

मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 1 लाख की इनामी 9 साल से फरार महिला नक्सली विनीता भारती को बेगूसराय के बछौली स्थित काली मंदिर के पास से धर दबोचा है। विनीता भाकपा माओवादी की सदस्य बताई गई है....

1 लाख की इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार, 9 साल से पुलिस कर रही
1 लाख की इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार- फोटो : मनीभूषण शर्मा

Muzaffarpur : जिले की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 9 साल से फरार चल रही एक लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरपुर के निर्देश पर जिले में वांछित व फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पारू थाना कांड संख्या 13/17 में वांछित महिला नक्सली विनीता भारती उर्फ श्वेता उर्फ अनिता उर्फ प्रतिमा उर्फ कल्पना को पकड़ा गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और वह भाकपा माओवादी संगठन से जुड़ी बताई गई है।


22 नवंबर को बेगूसराय के बछौली गांव से हुई गिरफ्तारी, संयुक्त टीम ने चलाया छापेमारी अभियान

प्राप्त सूचना के आधार पर मुजफ्फरपुर जिला बल, एसटीएफ एसओजी-03 बेगूसराय, अभियान दल-08 और बेगूसराय जिला बल की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान 22 नवंबर 2026 को बेगूसराय जिला अंतर्गत बछौली गांव स्थित काली मंदिर के पास से विनीता भारती को गिरफ्तार कर लिया गया।


दरभंगा व मुजफ्फरपुर से जुड़ा है महिला नक्सली का पता

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला नक्सली मूल रूप से लालपुर शिवराम, थाना बहेरी, जिला दरभंगा की रहने वाली है। वहीं, उसका स्थायी पता ग्राम महुली, थाना हथौड़ी, जिला मुजफ्फरपुर बताया गया है।


आर्म्स एक्ट, यूएपीए और विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज हैं 5 मामले

गिरफ्तार महिला नक्सली के खिलाफ पारू, सरैया, वाल्मीकिनगर और लौकरिया सहित अन्य थानों में गंभीर धाराओं के तहत कुल 5 मामले दर्ज हैं। इन मामलों में आर्म्स एक्ट, यूएपीए और विस्फोटक अधिनियम के तहत आरोप शामिल बताए गए हैं।


गिरफ्तारी के बाद पुलिस की अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी

महिला नक्सली की गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आगे की कानूनी व पूछताछ संबंधी कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों व पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को नक्सली गतिविधियों के विरुद्ध बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।


मनीभूषण की रिपोर्ट