झारखंड छात्र आंदोलन पर बोले नीतीश मिश्रा, छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष का दोहरा मापदंड
झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलनों को लेकर बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा ने कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष पर जमकर हमला बोला है। श्री मिश्रा ने कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष पर छात्रों के मुद्दे पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है.....
Patna : बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा ने झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलनों को लेकर कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्र आंदोलनों और युवाओं के मुद्दों पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार दोहरा रवैया अपना रहा है।
JPSC और JSSC अभ्यर्थियों की अनदेखी का लगाया आरोप
नीतीश मिश्रा ने कहा कि जब दिल्ली में छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर आए थे, तब विपक्ष के तमाम बड़े नेता उनके समर्थन में खड़े दिखाई दिए थे। लेकिन आज झारखंड में JPSC और JSSC से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर जब छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं, तो विपक्ष पूरी तरह से मौन साधे बैठा है और उनकी सुध नहीं ले रहा है।
'झारखंड के छात्र भी देश के छात्र', मंत्री ने दिया समान दृष्टिकोण पर जोर
मंत्री ने जोर देकर कहा कि झारखंड के छात्र भी देश के नागरिक हैं और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को भी उतनी ही गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि युवाओं के मन में यह बात आ रही है कि दिल्ली के प्रदर्शनों पर मुखर रहने वाला विपक्ष झारखंड के छात्रों की समस्याओं पर चुप क्यों है।
संसदीय गतिरोध पर घेरा, चर्चा से भागने का आरोप
संसद में जारी गतिरोध पर बोलते हुए नीतीश मिश्रा ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार हर विषय पर सकारात्मक चर्चा और जवाब देने के लिए तैयार है। इसके बावजूद विपक्ष संसद चलाने और सार्थक चर्चा में भाग लेने से पीछे हट रहा है।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना, बयान बदलने का आरोप
उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर राजनीतिक अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 15 दिनों में बार-बार अपने मुद्दे और बयान बदलना अनुचित है। विपक्ष सिर्फ अपनी सहूलियत के हिसाब से स्टैंड बदलता है, जिससे देश के युवाओं का नुकसान हो रहा है।
नरोत्तम की रिपोर्ट