सड़क दुर्घटना में प्रोफेसर की मौत के बाद भड़के परिजन और स्थानीय लोग, गया-राजगीर-नवादा मार्ग को किया जाम

नवादा जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा। आज एकबार फिर तेज रफ्तार ने एक व्यक्ति की जान ले ली। घटना के बाद स्थानीय लोगों का सब्र जवाब दे गया और वे सड़क पर उतर आए। स्थानीय लोगों ने सड़क जामकर जमकर हंगामा किया....

सड़क दुर्घटना में प्रोफेसर की मौत के बाद भड़के परिजन और स्था
नवादा में रफ्तार का कहर- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada :  जिले के हिसुआ क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला कॉलेज के प्रोफेसर अरविंद कुमार की मौत हो गई। मंगलवार को जब वे दुकान की ओर जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


पोस्टमार्टम के बाद शव चौक पहुंचते ही गया-राजगीर-नवादा मार्ग ठप

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही प्रोफेसर का शव हिसुआ चौक पर पहुंचा, स्थानीय नागरिकों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे गया-राजगीर-नवादा मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। जाम के कारण सड़क के तीनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यात्री घंटों फंसे रहे।


लापरवाह चालकों पर कार्रवाई न होने से प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाए जा रहे हैं, लेकिन यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। चालकों की इस मनमानी के कारण लगातार निर्दोष लोगों की जान जा रही है।


फरार चालक की त्वरित गिरफ्तारी और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग

सड़क जाम कर रहे प्रदर्शनकारी अज्ञात वाहन और उसके चालक की तत्काल पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसके साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की गति सीमा तय करने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्पीड ब्रेकर व बैरिकेडिंग लगाने की मांग रखी, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।


वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जामजांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और उग्र भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी, परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिए जाने के बाद ही ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की तलाश कर रही है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट