Bihar News : नालंदा में छात्राओं ने सरकारी कार्यालयों की दीवारी पर उकेरीं कलाकृतियां, सामाजिक मुद्दों पर दे रहीं जागरूकता का संदेश

Bihar News : स्वतंत्रता दिवस को लेकर विभिन्न स्कूलों की छात्राओं के समूह सुबह से ही अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर दीवारों को कैनवास के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।

Bihar News : नालंदा में छात्राओं ने सरकारी कार्यालयों की दीव
स्वतंत्रता दिवस की तैयारी - फोटो : RAJ

NALANDA : स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर की चारदीवारियां इन दिनों रंग-बिरंगी कलाकृतियों से सज रही हैं। अलग-अलग स्कूलों की छात्राएं समूह में पहुंचकर चाहरदीवारी पर ऐसी आकर्षक तस्वीरें बना रही हैं, जिन्हें देखकर राहगीर भी रुकने को मजबूर हो जा रहे हैं। रंग और कूची के जरिए छात्राएं न केवल अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं, बल्कि गंभीर सामाजिक मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दे रही हैं।

शहर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों की चारदीवारी पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें छात्र-छात्राएं अपनी कल्पना और कला के माध्यम से समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को तस्वीरों में उकेर रहे हैं। किसी दीवार पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिखाई दे रहा है तो कहीं शराबबंदी और स्वास्थ्य को लेकर जागरूक करती कलाकृतियां बनाई जा रही हैं।

छात्राओं की बनाई तस्वीरों में शिक्षा, बालिकाओं के प्रति हिंसा, महिलाओं के प्रति यौन हिंसा और मानव तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों को भी प्रमुखता दी जा रही है। तस्वीरों के जरिए यह बताने की कोशिश की जा रही है कि समाज में जागरूकता के साथ ही इन समस्याओं को खत्म करने की दिशा में सामूहिक प्रयास जरूरी है। सुबह से ही छात्राएं अपने समूह के साथ अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर चारदीवारी को कैनवास बनाकर रंग भर रही हैं। कोई ब्रश से तस्वीरों को आकार दे रही है तो कोई उनमें सामाजिक संदेश लिखकर उन्हें और प्रभावी बना रही है। गुजरने वाले लोग भी कुछ देर रुककर इन कलाकृतियों को देख रहे हैं और बच्चों की प्रतिभा की सराहना कर रहे हैं।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। उत्कृष्ट कलाकृतियां बनाने वाले प्रतिभागियों को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इससे छात्राओं में खासा उत्साह है। स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर की दीवारों पर उभरती ये तस्वीरें जहां शहर की खूबसूरती बढ़ा रही हैं, वहीं लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश भी दे रही हैं।

राज की रिपोर्ट