सीएम नीतीश ने 4954 एएनएम को प्रदान किया नियुक्ति पत्र, मंगल पांडेय का ऐलान- बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में होगा ऐसा सुधार

4954 एएनएम में से 4197 को स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में, 458 को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में तथा 299 को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियुक्त किया गया है

appointment letters to ANM
appointment letters to ANM- फोटो : news4nation

Bihar News :  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को 4954 नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (ए०एन०एम०) को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से विनीता कुमारी, स्वाति कुमारी और रौशनी कुमारी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त ए०एन०एम० को बधाई एवं शुभकामनायें देते हुये कहा कि मेरा विश्वास है कि सभी नवनियुक्त कर्मी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी।


कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि यह दिन बिहार के स्वास्थ्य विभाग के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और डबल इंजन की सरकार के सतत प्रयासों से आज स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार गांव-गांव तक प्रभावी रूप से हो रहा है, जिससे आमजन को बेहतर और सुलभ इलाज सुनिश्चित हो पा रहा है। पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा की गई इस बड़ी नियुक्ति से स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी। 


स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव

उन्होंने बताया कि 4954 एएनएम में से 4197 को स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में, 458 को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) में तथा 299 को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद राज्य में 2250 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र क्रियाशील हो जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में पिछले एक दशक में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। आज राज्य के 14,600 से अधिक गांवों और पंचायतों में स्वास्थ्य उपकेंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले जहां अस्पतालों में मरीजों की संख्या बहुत कम थी, वहीं अब हजारों मरीज हर महीने इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जो जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।


एक साल में 20,413 नियुक्तियां

मंगल पांडेय ने कहा कि पिछले एक वर्ष में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 20,413 नियुक्तियां की गई हैं। जिनमें से 11,251 नियुक्तियां राज्य स्वास्थ्य समिति के माध्यम से एनएचएम के तहत हुई हैं। इन नियुक्तियों में एएनएम, विशेषज्ञ डॉक्टर, जनरल मेडिकल ऑफिसर, आयुष चिकित्सक और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर शामिल हैं। इसके अलावा विभाग द्वारा 9162 अन्य नियुक्तियां भी की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार न केवल आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि मानव संसाधन की कमी को भी तेजी से दूर कर रही है। 


ये रहे मौजूद

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव  दीपक कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, बिहार स्वास्थ्य सेवायें एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमित कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं नियुक्ति पत्र पानेवालीं ए०एन०एम० उपस्थित थीं। साथ ही राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय, संयुक्त सचिव डॉ. अनुपमा सिंह, प्रशासी पदाधिकारी राजेश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री के आप्त सचिव अमिताभ सिंह मौजूद रहे।