Bihar Crime : बांका में मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़, भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और औजार किया बरामद
BANKA : जिले के धोरैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण के एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। थाना क्षेत्र के सरवा गांव में चल रही इस गुप्त फैक्ट्री से भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले मशीनरी उपकरण बरामद किए गए हैं। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
बुधवार दोपहर धोरैया थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बिहार पटना की एसटीएफ आर्म्स सेल से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बांका एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर यह छापेमारी अभियान चलाया गया। बौंसी एसडीपीओ के नेतृत्व में धोरैया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने पुलिस टीम के साथ सरवा गांव निवासी बोध नारायण मंडल के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर के भीतर अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप मिला। पुलिस ने मौके से दो अर्धनिर्मित पिस्टल, दो अर्धनिर्मित बैरल, एक स्लाइड, तीन पिस्टल बट के हिस्से, एक बॉडी पार्ट, एक बैरल पाइप तथा सात जिंदा गोलियां बरामद कीं। बरामद कारतूस के पेंदे पर “HPM 32” अंकित पाया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हथियारों को जल्द उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा था।
इसके अलावा हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले कई तकनीकी औजार भी जब्त किए गए हैं। इनमें फॉर्मा, गुनिया, लोहे का शिकंजा, ग्राइंडर मशीन, लेथ मशीन का भाग, ड्रिल बिट, डाई, कटिंग बीट, मशीन की चाबी और 24 पीस लोहे के विभिन्न उपकरण शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद सामग्री से यह संकेत मिलता है कि यहां लंबे समय से हथियार निर्माण का काम चल रहा था।
एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बोध नारायण मंडल का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यहां तैयार होने वाले हथियार किन अपराधियों या गिरोहों तक पहुंचाए जाते थे और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई में धोरैया थाना पुलिस के अलावा पंजवारा थाना पुलिस, एसटीएफ बिहार पटना की आर्म्स सेल तथा कई पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक आसिफ अख्तर, पीसी सुनील कुमार सिंह, सिपाही पंकज कुमार यादव, संजीव कुमार, लवली कुमारी, ममता कुमारी और सुरुचि कुमारी की सक्रिय भूमिका रही। इस बड़ी सफलता के बाद बांका पुलिस अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए जिले के अन्य संदिग्ध ठिकानों की भी जांच कर रही है। इलाके में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
बांका के धोरैया से प्रदीप कुमार गुप्ता की रिपोर्ट