Bihar Politics: नीतीश ने बुलाई विधायक दल की बैठक, सीएम आवास पर जुटने लगे JDU MLA, अनंत सिंह सहित ये नेता पहुंचे
Bihar Politics: नीतीश कुमार ने आज विधायक दल की बैठक बुलाई है। सीएम आवास में बैठक हो रही है। बैठक में शामिल होने के लिए मोकामा विधायक सहित कई नेता पहुंच गए हैं।
Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद जदयू की पहली बैठक होने वाली है। सोमवार यानी आज जदयू के विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हो रही है। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। यह बैठक पहले 14 अप्रैल को होनी थी जो रद्द हो गई थी। वहीं अब सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद जदयू की पहली बैठक है।
सीएम आवास पर पहुंचने लगे नेता
मीटिंग में शामिल होने के लिए विधायकों के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और मोकामा विधायक अनंत सिंह पहुंच चुके हैं। इस बैठक में विधायक दल के नए नेता का चयन किया जाएगा, जो नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्यसभा जाने के बाद खाली हुए पद को भरेगा।
विजय चौधरी की दावेदारी मजबूत
सूत्रों मिली जानकारी अनुसार, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। वर्तमान सरकार में उन्हें जदयू की ओर से नंबर-2 की भूमिका मिली हुई है, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। हालांकि, वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव भी विकल्प के तौर पर मौजूद हैं, लेकिन फिलहाल उनकी संभावना कम बताई जा रही है। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे और राज्यसभा जाने के बाद विधायक दल के नेता का पद खाली हो गया था। ऐसे में आज की बैठक को जदयू के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक से पहले पोस्टर से सियासी संदेश
बैठक से पहले पटना की सड़कों पर लगे पोस्टरों ने सियासी हलचल तेज कर दी है। पोस्टरों में “Next CM of Bihar” और “नीतीश जी का मिशन अधूरा, निशांत जी ही अब करेंगे पूरा” जैसे नारे लिखे गए हैं। इन पोस्टरों को युवा नेतृत्व के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें निशांत कुमार का नाम प्रमुखता से उभरा है।

निशांत की बढ़ती सक्रियता
रविवार को निशांत कुमार ने जदयू प्रदेश कार्यालय में पूर्णिया और भागलपुर प्रमंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। उनकी सक्रियता को पार्टी के भीतर बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी निशांत की सक्रियता को सकारात्मक बताते हुए कहा कि इससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।