फाइलेरिया के खिलाफ नवादा का 'महायुद्ध': डीएम रवि प्रकाश ने खुद खाई दवा, बोले- बीमारी को जड़ से मिटाना है लक्ष्य

नवादा जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए डीएम रवि प्रकाश ने खुद दवा खाकर लोगों को प्रेरित किया। जिले के 6 प्रखंडों में स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर दवा खिला रहे हैं।

फाइलेरिया के खिलाफ नवादा का 'महायुद्ध': डीएम रवि प्रकाश ने ख

Patna - नवादा जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वजन दवा सेवन (MDA) कार्यक्रम को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर जिलेवासियों को इसके प्रति जागरूक किया। 

डीएम ने किया दवा का सेवन, समाज को दिया संदेश

जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने अपने कार्यालय कक्ष में डायएथाइलकार्बामाज़ीन साइट्रेट (DEC) और एल्बेंडाजोल की गोलियां खाकर अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और रक्तचाप, शुगर या अर्थराइटिस जैसे रोगों से ग्रसित व्यक्ति भी इसका सेवन बिना किसी डर के कर सकते हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों के सामने दवा का सेवन अवश्य करें। 

इन छह प्रखंडों में चल रहा है विशेष अभियान

नवादा के सिविल सर्जन ने बताया कि यह कार्यक्रम जिले के निम्नलिखित छह चयनित प्रखंडों में चलाया जा रहा है: मेंसकौर, गोविंदपुर, कौआकोल, काशीचक, नवादा सदर, अकबरपुर 

घर-घर जाकर दवा खिला रहे स्वास्थ्यकर्मी

अभियान की सफलता के लिए 11 फरवरी को मेगा एम.डी.ए. कैंप का आयोजन किया गया था। अब अगले 14 दिनों तक प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए लोगों को अपने सामने दवा खिलाएंगे। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिया है कि दवाओं का वितरण नहीं किया जाएगा, बल्कि लाभार्थी को स्वास्थ्यकर्मी की मौजूदगी में ही दवा खानी होगी। 

सावधानियां और रैपिड रिस्पॉन्स टीम

कार्यक्रम के तहत कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं:

  • किसे नहीं लेनी है दवा: 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जाएगी।

  • सेवन का तरीका: दवाओं का सेवन कभी भी खाली पेट नहीं करना है।

  • आपातकालीन सुविधा: यदि किसी को दवा के बाद असुविधा महसूस होती है, तो प्रत्‍येक प्रखंड में रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) तैनात की गई है।


  • Report - aman sinha