Bihar News : सुपौल का लालगंज बगेवा टेंगराहा पंचायत बना मिसाल, गाँव की बदली तस्वीर, राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए पेश की दावेदारी
Bihar News : करीब सात हजार की आबादी वाला सुपौल का लालगंज बगेवा टेंगराहा पंचायत अपनी विकासशील सोच और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की बदौलत एक नई पहचान बना रहा है।
PATNA : सुपौल का लालगंज बगेवा टेंगराहा ग्राम पंचायत आज ग्रामीण विकास, सामाजिक एकता, जल संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि उन्नति आदि क्षेत्रों में दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है। करीब सात हजार की आबादी वाला यह पंचायत अपनी सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था, प्राकृतिक संसाधन एवं विकासशील सोच की वजह से लगातार अपनी नई पहचान बना रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत लागू योजनाएं और उसके तहत कराए गए विकास कार्यों के बदौलत बदली ग्रामीण तस्वीर के बाद राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार की दावेदारी की गई है।
एक समय था जब लालगंज बगेवा टेंगराहा पंचायत मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहा था। यहां जलजमाव, कच्चे रास्ते और सीमित संसाधनों की वजह से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। यह परेशानी बरसात के दिनों में अधिक बढ़ जाती थी। हाल के दिनों में पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासन एवं ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों की वजह से पंचायत की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। आज पंचायत का विकसित स्वरूप, साफ-सुथरी सड़कें, बेहतर जल निकासी, सोलर लाइट से जगमगाते वार्ड, स्वच्छ सार्वजनिक स्थल एवं व्यवस्थित धार्मिक परिसर स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ रहा है।
मुखिया प्रभा यादव का कहना है कि पंचायत में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत तालाबों का जीर्णोद्धार, कुओं का संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पौधरोपण जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। विशेष रूप से वार्ड नंबर 03 ग्राम मझौआ में पोखर के मध्य स्थित सुंदर मंदिर पंचायत की प्रमुख पहचान बन चुका है। पहले यह क्षेत्र जहां साधारण और उपेक्षित रहता था, वहीं आज पक्का घाट, स्वच्छ परिसर, आकर्षक रंगों से सुसज्जित मंदिर एवं शांत वातावरण इसे एक सुंदर धार्मिक स्थल का रूप प्रदान कर रहा है।
उन्होंने बताया कि पंचायत के सभी घरों तक हर घर नल-जल योजना से स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वच्छता के मामले में पंचायत को पहले से ही ओडीएस प्लस घोषित किया चुका है। सभी वार्डों में सोलर लाइट लगाई गई है। पंचायत क्षेत्र में विद्यालय एवं राजकीय अस्पताल की सुविधा उपलब्ध है। विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को बेहत सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। मुखिया ने बताया कि यहां पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन एवं जनसेवा का प्रमुख केंद्र बन चुका है। लोगों को आरटीपीएस सेवाएं, प्रमाण पत्र एवं अन्य सरकारी सुविधाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्राम पंचायत में उपलब्ध उपरोक्त सुविधाओं को ही ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए दावेदारी की गई है।