Bihar Job News : बिहार में महिलाओं के लिए बड़ा मौका, 'पिंक बसों' के लिए जल्द शुरू होगी महिला चालकों के दूसरे चरण की भर्ती

Bihar Job News :बिहार के विभिन्न शहरों में संचालित कुल 100 पिंक बसों के लिए एकबार फिर महिला चालकों का चयन होने जा रहा है.....पढ़िए आगे

Bihar Job News : बिहार में महिलाओं के लिए बड़ा मौका, 'पिंक ब
महिला चालकों की भर्ती - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के विभिन्न शहरों में महिलाओं की सुरक्षित यात्रा के लिए संचालित की जा रही कुल 100 'पिंक बसों' की कमान एक बार फिर महिला चालकों के हाथों में सौंपने की तैयारी शुरू हो गई है। बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम (BSRTC) की ओर से महिला चालकों के दूसरे चरण के रजिस्ट्रेशन और प्रशिक्षण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। निगम आने वाले दिनों में इसके लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर योग्य महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित करेगा।

औरंगाबाद में दिया जाएगा 30 दिनों का विशेष प्रशिक्षण

विज्ञापनों के बाद चयनित होने वाली महिला उम्मीदवारों को औरंगाबाद स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR) में 30 दिनों का विशेष एवं कड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस ट्रेनिंग प्रोग्राम में महिलाओं को ड्राइविंग की बारीकियों से अवगत कराने के लिए थ्योरी क्लासेस के साथ-साथ प्रैक्टिकल ड्राइविंग का गहन अभ्यास भी कराया जाएगा, ताकि वे सड़कों पर बिना किसी झिझक के भारी वाहन (बस) चला सकें।

पहले चरण की 12 महिला चालक पटना में कर रही हैं अभ्यास

गौरतलब है कि इस अनूठी पहल के पहले चरण में 12 महिला चालकों को सफलता पूर्वक प्रशिक्षित किया जा चुका है। ये प्रशिक्षित महिला चालक वर्तमान में राजधानी पटना की व्यस्त सड़कों पर बस चलाने का प्रैक्टिस कर रही हैं। पहले चरण की सफलता को देखते हुए अब दूसरे चरण में और अधिक इच्छुक एवं योग्य महिलाओं को इस अभियान से जोड़ने की रूपरेखा तैयार की गई है।

आवेदन के लिए जरूरी योग्यताएं

पिंक बस चालक बनने की इच्छुक महिलाओं के लिए परिवहन निगम ने कुछ जरूरी शर्तें और योग्यताएं तय की हैं, जैसे की आवेदिका की आयु 21 वर्ष से लेकर 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। महिला उम्मीदवार के पास एक वैध एलएमवी ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है।

प्रशिक्षण के बाद संविदा पर मिलेगी सरकारी नौकरी

परिवहन निगम के अनुसार, जो महिला उम्मीदवार औरंगाबाद आईडीटीआर में अपने 30 दिनों के प्रशिक्षण को सफलता पूर्वक पूरा कर लेंगी, उन्हें बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम (BSRTC) में संविदा के आधार पर चालक के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इस पहल से न केवल महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं, बल्कि सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सुरक्षा भी सुदृढ़ होगी।