Patna News: सिक्स लेन पुल के लाइट का कॉपर वायर चोरी, 72 किलो तार के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

कच्ची दरगाह-बिदूपुर सिक्स लेन पुल का अभी उद्घाटन भी नहीं हुआ और चोरों ने रोड लाइट का कॉपर तार पार कर दिया लेकिन नदी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2.5 लाख रुपये मूल्य के 72.5 किलो तार के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Katchi Dargah Bidupur Bridge Wire Theft case
कच्ची दरगाह बिदूपुर सिक्स लेन पुल से कॉपर तार चोरी- फोटो : Reporter

पटना के कच्ची दरगाह-बिदूपुर सिक्स लेन पुल पर हाल ही में लगाए गए रोड लाइट का कॉपर तार चोरी कर बेचने की फिराक में लगे दो युवकों को नदी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि पुल के नीचे चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुल के पाया नंबर-02 के पास से दोनों आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया।


बरामदगी और जब्त सामान की अनुमानित कीमत

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीदारगंज चेकपोस्ट निवासी रोशन कुमार (24 वर्ष) और गोलू कुमार (19 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से तीन बोरों में भरकर ले जाया जा रहा 4 mm का कॉपर वायर बरामद किया है। जब्त किए गए तार का कुल वजन लगभग 72.500 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2,50,000 रुपये बताई जा रही है। मामले में नदी थाना में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


मामले पर पुलिस का खुलासा और जारी छानबीन

शनिवार को फतुहा एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुल के पिलर नंबर 1 से 45 तक की लाइट का तार चोरी हुआ था। इसमें से पिलर नंबर 1 से 21 तक का चोरी हुआ वायर बरामद कर लिया गया है, जबकि बाकी बचे हुए तारों की बरामदगी और अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।


बिना उद्घाटन के ही सुरक्षा में सेंध और छापेमारी टीम

हैरानी की बात यह है कि इस महत्वपूर्ण सिक्स लेन पुल का अभी तक विधिवत उद्घाटन भी नहीं हुआ है, और उससे पहले ही बदमाशों ने सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगा दी। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, एसआई देवकर्ण बैंटी, एएसआई शैलेश्वर प्रसाद, एएसआई संतोष कुमार सहित नदी थाना के महिला बल, सशस्त्र बल के गृह रक्षक और आर्म्स जिला बल के जवान शामिल थे।

पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट