शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन : दो तस्कर गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियां और भारी मात्रा में शराब जब्त

शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन : दो तस्कर गिरफ्तार
दो शराब तस्कर गिरफ्तार- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शेरघाटी उत्पाद थाना पुलिस की टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर दो शराब तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो गाड़ियों को जब्त करने के साथ ही भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है।


डोभी थाना क्षेत्र और एनएच-22 के पास से दबोचे गए दो आरोपी 

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई गोपलापुर इलाके में की गई, जबकि दूसरी रेड एनएच-22 स्थित गौतम होटल के पास (डोभी थाना क्षेत्र) अंजाम दी गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी गमरिया, थाना डोभी और सरजू मंडल, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी दरसिऔरा, थाना डोभी के रूप में हुई है। वहीं, इस मामले में शामिल एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच करते हुए पुलिस जानकारी जुटा रही है।


348 बोतलों में भरी 136 लीटर शराब के साथ स्कॉर्पियो और स्विफ्ट डिजायर जब्त 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करों के पास से एक स्कॉर्पियो और एक स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त किया। गाड़ियों की गहन तलाशी लेने पर कुल 348 शराब की बोतलें बरामद की गईं, जिनकी कुल मात्रा लगभग 136 लीटर मापी गई है। तस्कर इन लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल गुप्त रूप से शराब की खेप एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए कर रहे थे।


अवर निरीक्षक स्नेहा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिया अंजाम 

उत्पाद विभाग की इस सफल छापेमारी अभियान में पुलिस अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाई। पुलिस टीम में अवर निरीक्षक स्नेहा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक मो. हाबिल तथा गृह रक्षक (होमगार्ड) के जवान मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिल सका।


नेटवर्क का सुराग लगाने में जुटी पुलिस, अन्य संलिप्तों की तलाश जारी 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किन-किन इलाकों में खपाने की योजना थी। शराब तस्करी के इस पूरे सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया जारी है।

मनोज की रिपोर्ट