जेडीयू का तेजस्वी यादव पर पलटवार: MLC नीरज कुमार बोले- 'ट्विटर बबुआ' ने एकादशी के दिन भी बोला झूठ, कंगन विवाद की जांच के लिए लिखेंगे पत्र
Bihar Politics : जदयू के मुख्य प्रवक्ता सह एमएलसी नीरज कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को 'ट्विटर बबुआ' करार देते हुए उन पर एकादशी के दिन भी झूठ बोलने का आरोप लगाया है....
Patna : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के मुख्य प्रवक्ता सह एमएलसी नीरज कुमार ने पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के परिवार पर तीखा हमला बोला। नीरज कुमार ने सबसे पहले लालू प्रसाद यादव को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ रहने की कामना की। इसके तुरंत बाद उन्होंने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें 'ट्विटर बबुआ' करार दिया और कहा कि कल एक शुभ दिन होने के बावजूद तेजस्वी यादव अपनी आदत के अनुसार असत्य बोलने से बाज नहीं आए।
वीवीआईपी शौचालय के दावों की खोली पोल
एमएलसी नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव द्वारा 'प्रगति यात्रा' के दौरान 7 लाख की लागत से वीवीआईपी शौचालय निर्माण कराए जाने के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। आंकड़ों के साथ पलटवार करते हुए जेडीयू नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव को जानकारी का घोर अभाव है क्योंकि वे बिहार में रहते ही कहां हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेजस्वी ने जहां सिर्फ एक शौचालय बनने का दावा किया था, असल में वहां चार शौचालय बनाए गए थे और कुल खर्च केवल 4 लाख आया है। यानी वर्तमान सरकार में प्रति शौचालय 1 लाख 56 हजार का खर्च हुआ है।
महागठबंधन सरकार के खर्चों की दिलाई याद
तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लेते हुए नीरज कुमार ने पूर्ववर्ती महागठबंधन सरकार के कार्यकाल की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि जब तेजस्वी यादव खुद सरकार का हिस्सा थे, तब मुख्यमंत्री की 'समाधान यात्रा' के दौरान एक शौचालय के निर्माण पर 1 लाख 73 हजार खर्च किए गए थे। जेडीयू प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि जब आप सत्ता में थे तो आपका ध्यान कहां था? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ने एकादशी जैसे पवित्र दिन पर भी जनता के बीच झूठ परोसने का काम किया है, जिसके लिए उन्हें जवाब देना चाहिए।
'कंगन विवाद' पर राबड़ी देवी को घेरा
नीरज कुमार ने राजद के भीतर चल रहे 'कंगन विवाद' पर भी जमकर चुटकी ली। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा कि क्या उन्होंने भोजपुरी गायक छोटू छलिया को हीरा समझकर कोई साधारण पत्थर थमा दिया? उन्होंने कहा कि यह बेहद अजीब परिस्थिति है कि एक तरफ राजद की 'राजमाता' (राबड़ी देवी) ने कंगन को हीरा बताया और दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के विधान पार्षद सुनील सिंह ने उसे महज पत्थर करार दे दिया। नीरज कुमार ने कहा कि यह सीधे तौर पर राबड़ी देवी का अपमान है और राजद को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर सच क्या है।
आर्थिक अपराध इकाई से जांच कराने की मांग
इस पूरे विवाद को एक गंभीर वित्तीय सस्पेंस बताते हुए एमएलसी नीरज कुमार ने घोषणा की कि वे इस मामले को लेकर जल्द ही आर्थिक अपराध इकाई (EOI) को एक आधिकारिक पत्र लिखने जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि इस पूरे कंगन प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। जेडीयू नेता ने संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि राबड़ी आवास (10 सर्कुलर रोड) के भीतर कोई गुप्त खजाना छिपा हुआ है, जहां से ऐसे कीमती कंगन और आभूषण निकल रहे हैं। उन्होंने मांग की कि छोटू छलिया को सबके सामने लाकर इस रहस्य का पर्दाफाश किया जाना चाहिए।
नरोत्तम की रिपोर्ट