पटना हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन राय इस दिन दिलाएंगी 7 नवनियुक्त जजों को शपथ, तीन नियमित और चार एडिशनल जज संभालेंगे कार्यभार
Bihar News : पटना हाईकोर्ट में नवनियुक्त सात नए जजों का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 15 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। जहाँ चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन राय उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार के न्यायिक क्षेत्र से एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आ रही है। पटना हाईकोर्ट में नवनियुक्त सात नए जजों का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 15 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। पटना हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस (मुख्य न्यायाधीश) मीनाक्षी मदन राय सभी नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन पटना हाईकोर्ट के शताब्दी हॉल में सुबह 10:00 बजे निश्चित किया गया है।
तीन नियमित और चार एडिशनल जज संभालेंगे कार्यभार
भारत के राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा 10 जून, 2026 को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की जा चुकी है। जारी अधिसूचना के अनुसार, इस बार तीन नियमित (Permanent) जज और चार एडिशनल (अतिरिक्त) जजों की नियुक्ति की गई है। अधिवक्ता रंजन कुमार झा, अधिवक्ता कुमार मनीष और अधिवक्ता राज कुमार को उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से पटना हाईकोर्ट का नियमित जज नियुक्त किया गया है। वहीं, दूसरी ओर अधिवक्ता राणा विक्रम सिंह, अधिवक्ता विकास कुमार, अधिवक्ता गिरिजिश कुमार और अधिवक्ता आलोक कुमार को कार्यभार संभालने की तिथि से दो वर्षों की अवधि के लिए पटना हाईकोर्ट का एडिशनल जज नियुक्त किया गया है।
जजों की संख्या हुई 44, लेकिन अब भी 9 पद खाली
इन सात नए न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण करने के साथ ही पटना हाईकोर्ट में जजों की कुल संख्या 37 से बढ़कर अब 44 हो जाएगी। हालांकि, इसके बावजूद अदालत में जजों की कमी पूरी तरह दूर नहीं हो पाएगी, क्योंकि पटना हाईकोर्ट में जजों के कुल 53 पद स्वीकृत हैं। इस लिहाज से नई नियुक्तियों के बाद भी हाईकोर्ट में 9 पद खाली रहेंगे।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की थी 9 नामों की अनुशंसा
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इसी वर्ष 26 फरवरी, 2026 को पटना हाईकोर्ट के लिए नौ अधिवक्ताओं को जज बनाने की सिफारिश (अनुशंसा) केंद्र सरकार को भेजी थी। कॉलेजियम की इस लंबी प्रक्रिया और स्क्रूटनी के बाद फिलहाल पहले चरण में सात जजों की नियुक्ति को हरी झंडी दी गई है, जिन्होंने अब शपथ ग्रहण की तैयारी पूरी कर ली है। इन नई नियुक्तियों से पटना हाईकोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।