Bihar Crime : कैमूर में अपराधियों का तांडव, CSP में घुसकर की तोड़फोड़, कहा- 'अभी जेल से छूटा हूँ, अब मेरी दबंगई चलेगी'
Bihar Crime : कैमूर में दिनदहाड़े सीएसपी में घुसकर अपराधियों ने हथियार लहराते हुए तांडव मचाया. धमकी देते ही कहा की- अभी जेल से छूट कर आया हूँ,अब मोहनियां में मेरा दबंगई चलेगा।
KAIMUR : बिहार में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मोहनियां थाना क्षेत्र के टंडवा स्थित यूनियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) का है, जहाँ गुरुवार की शाम पांच से छह अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। हथियार लहराते हुए अपराधियों ने सीएसपी संचालक को धमकी दी और कहा कि वे अभी-अभी जेल से छूटकर आए हैं और अब इलाके में उन्हीं की दबंगई चलेगी। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
दुकान में घुसकर की तोड़फोड़, सीसीटीवी भी तोड़ा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब चार बजे सीएसपी में ग्राहकों की भीड़ कम थी, जिसके कारण संचालक बृजेंद्र कुमार बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान पांच से छह की संख्या में आए अपराधी पहले पास की एक दुकान में लोगों को धमकाने लगे। इसके बाद वे सीधे सीएसपी के भीतर घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। अपराधियों ने काउंटर, लैपटॉप सहित कई अन्य कीमती सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने वहाँ लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ डाला, लेकिन राहत की बात यह रही कि पूरी वारदात का वीडियो सिस्टम में कैद हो गया।
पीड़ित का दावा- दो से ढाई लाख रुपये का हुआ नुकसान
सीएसपी संचालक बृजेंद्र कुमार ने आपबीती बताते हुए कहा कि अपराधी अचानक आए और गाली-गलौज करते हुए केंद्र में तोड़फोड़ करने लगे। इस हमले में उनका लैपटॉप और अन्य जरूरी उपकरण पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं, जिससे उन्हें लगभग दो से ढाई लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित ने बताया कि तोड़फोड़ के दौरान एक अपराधी सरेआम चिल्ला रहा था कि वह अभी जेल से छूटकर आया है और अब इस इलाके में उसका राज चलेगा।
मौके पर पहुंचे डीएसपी, एक नामजद सहित 6 पर प्राथमिकी
घटना की तुरंत बाद पीड़ित संचालक ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोहनियां डीएसपी गोपाल कृष्ण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और अपराधियों की पहचान की जा रही है। इस मामले में मोहनियां थाने में एक नामजद और पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सुशासन के दावों पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। सरेआम हथियार लहराने और जेल से छूटकर आने का धौंस जमाने वाले अपराधियों की इस करतूत ने पुलिस की गश्त और मुस्तैदी की पोल खोल दी है। फिलहाल पुलिस नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और दावा किया जा रहा है कि सभी आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।
देवब्रत की रिपोर्ट