जमीन विवाद में पट्टीदारों के बीच हिंसक झड़प : भतीजे ने चाची को मारी गोली, तीन अन्य घायल
वैशाली जिले में जमीनी विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच हिंसक झड़प हुई। बात इतनी बढ़ गई कि भतीजे ने अपनी चाची को गोली मार दी....
Vaishali : जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मझौली गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष द्वारा सरेआम फायरिंग कर दी गई, जिसमें गोली लगने से एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। वहीं, दोनों ओर से हुई लाठी-डंडों की मारपीट में एक महिला समेत तीन अन्य लोग भी लहूलुहान हो गए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भतीजे ने चाची पर चला दी गोली
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मझौली गांव में एक ही परिवार के दो पट्टीदारों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर आपसी रंजिश चल रही थी। शुक्रवार को खेत की मेढ़ (सीमा) बांधने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले दोनों ओर से तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हिंसक लाठी-डंडे और मारपीट में बदल गई। इसी बीच विवाद से आक्रोशित होकर आरोपी भतीजे लालू ने अपनी सगी चाची गीता देवी को निशाना बनाकर अवैध हथियार से गोली चला दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
गोलीबारी और मारपीट की इस भीषण घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। गोली लगने से घायल महिला गीता देवी और मारपीट में घायल अन्य तीनों लोगों का डॉक्टरों की देखरेख में आपातकालीन वार्ड में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में पीड़ित परिवार के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
महिला के पैर में लगी गोली, हालत खतरे से बाहर
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय बिदुपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि घायल महिला गीता देवी के पैर में गोली लगी है। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद अब उनकी स्थिति पूरी तरह खतरे से बाहर बताई जा रही है। इसके साथ ही मारपीट में घायल हुए अन्य तीनों लोगों की स्थिति भी स्थिर है और पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और चश्मदीदों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू
एसडीपीओ सुबोध कुमार ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी लालू वारदात को अंजाम देने के बाद से ही मौके से फरार है। पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
रिषभ की रिपोर्ट