गौरव राय की पहल से बढ़ रही आत्मनिर्भरता, भाई की जयंती पर महिला को मिली सिलाई मशीन

Gaurav Rai
Gaurav Rai - फोटो : news4nation

Bihar News : पटना में सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल अन्य लोगों को प्रेरित कर रही है, जहां लोग अपने खास मौकों को जरूरतमंदों की मदद से जोड़ रहे हैं। इसी कड़ी में प्रवीण कुमार ने अपने स्वर्गीय भाई मनीष कुमार की जयंती के अवसर पर एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन भेंट की। पटना के बिग्रहपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रियंका कुमारी को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन दी गई, ताकि वह घर से ही काम कर आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर रामनिवास कुमार, चंदन कुमार और प्रियंका के पति गौतम कुमार भी मौजूद रहे।


गौरव राय ने बताया कि प्रवीण कुमार हर साल अपने भाई की याद में किसी जरूरतमंद को साइकिल या सिलाई मशीन देकर समाज सेवा का उदाहरण पेश करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका कुमारी खगड़िया जिले के दुर्गापुर की रहने वाली हैं और सिलाई-कढ़ाई में निपुण हैं, ऐसे में यह सहयोग उनके लिए आय का मजबूत जरिया बनेगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान को अब व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। लोग अपने परिवार के जन्मदिन, सालगिरह या पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर आगे आकर जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं।


उनकी इस पहल से जुड़कर अब तक इस पहल के तहत 295 महिलाओं और बच्चियों को सिलाई मशीनें, 329 जरूरतमंदों को साइकिलें और 152 स्कूलों व कॉलेजों में मुफ्त सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें लगाई जा चुकी हैं। गौरव राय ने बताया कि वह अपने वेतन और समाज के सहयोग से इन अभियानों को आगे बढ़ा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने जरूरतमंदों के लिए गैस चूल्हा वितरण अभियान भी शुरू किया है, जिसके तहत अब तक करीब 30 गैस चूल्हे बांटे जा चुके हैं।


आगे की योजना के तहत 50 और सिलाई मशीनें वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 10 मशीनें वे स्वयं देंगे और शेष सहयोगियों के माध्यम से जुटाई जाएंगी। प्रियंका कुमारी का चयन प्रीति प्रिया की अनुशंसा पर किया गया, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।