Bihar Road Accident : मुंगेर में अनियंत्रित अर्टिगा ने तीन लोगों को रौंदा, मिस्त्री, चालक और हेल्पर की मौके पर हुई मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
Bihar Road Accident : सड़क किनारे गाडी बना रहे ड्राईवर, मिश्त्री और हेल्पर को रौंद दिया. इस घटना में तीनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.......पढ़िए आगे
MUNGER : मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बनहोदा पुल के पास आज एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने भारी तबाही मचाई। सड़क किनारे खड़े होकर ट्रक की मरम्मत कर रहे तीन लोगों को अनियंत्रित कार ने बुरी तरह रौंद दिया। इस भीषण टक्कर में ट्रक मिस्त्री, ट्रक चालक और हेल्पर तीनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा।
काम के दौरान काल बनकर आई रफ्तार
जानकारी के अनुसार, बनहोदा पुल के समीप एक ट्रक खराब खड़ा था, जिसकी मरम्मत के लिए ट्रक चालक और उसका हेल्पर मिस्त्री के साथ सड़क किनारे काम कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अर्टिगा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे काम कर रहे तीनों व्यक्तियों पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी जान चली गई।
गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम
भीषण हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में प्रशासन और बेलगाम रफ्तार को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों ने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों के लिए उचित मुआवजे और फरार चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
पुलिस बल मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष विपिन कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फरार चालक की तलाश जारी
थाना अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार अर्टिगा चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि कानून सम्मत उचित कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट