Breaking News : दिनदहाड़े फायरिंग से दहला सुलतानगंज नगर परिषद, कार्यपालक पदाधिकारी की गोली लगने से हुई मौत, सभापति हुए जख्मी
BHAGALPUR : भागलपुर जिले के सुलतानगंज नगर परिषद में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सैरात की डाक प्रक्रिया के दौरान अचानक अंधाधुंध गोलीबारी हो गई। इस सनसनीखेज घटना में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरकारी प्रक्रिया चल रही थी, तभी अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरीय पुलिस अधिकारी—एसएसपी, सिटी एसपी और डीएसपी—भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है तथा संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस घटना ने एक बार फिर से जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े सरकारी कार्यक्रम में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
अपडेट जारी…
रिपोर्ट – अंजनी कुमार कश्यप