सीएम सम्राट ने 'सेवा मेरा योगदान' के तहत लिया स्वच्छ बिहार का संकल्प, खुद की साफ़-सफाई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 'सेवा मेरा योगदान' की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति समाज और राज्य को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत 'सेवा मेरा योगदान' के मूलमंत्र के साथ लोक सेवक आवास के सामने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने स्वयं स्वच्छता कार्य में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सेवा मेरा योगदान' की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति समाज और राज्य को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित बिहार के संकल्प को साकार किया जा सकता है।