Patna Marine Drive Car Fire: पटना के मरीन ड्राइव पर आग का तांडव, चलती रात में BMW बनी आग का गोला, सड़क पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल
Patna Marine Drive Car Fire: पटना के चर्चित मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार अचानक आग की लपटों में घिर गई।....
Patna Marine Drive Car Fire: पटना के चर्चित मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। चंद पलों में ही यह हाई-प्रोफाइल गाड़ी सड़क पर आग का गोला बन गई और देखते ही देखते पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जिस रफ्तार से आग भड़की, उसने राहगीरों को भी दहशत में डाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक कार के अगले हिस्से से धुआं उठना शुरू हुआ और फिर कुछ ही सेकंड में तेज लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि सामने से आने-जाने वाली गाड़ियों को रोकना पड़ा और मरीन ड्राइव पर दोनों ओर लंबा जाम और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में वहां भीड़ जमा हो गई, लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे और कई लोग मदद के लिए आगे भी आए। लेकिन आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि बिना अग्निशमन उपकरणों के उसे काबू करना संभव नहीं था।इसी बीच किसी राहगीर ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही लोदीपुर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
अग्निशमन विभाग के अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने बताया कि यह घटना देर रात की है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार के अंदर मौजूद ज्वलनशील सामग्री या तकनीकी खराबी के कारण आग तेजी से फैली। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।सबसे राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। केवल वाहन को भारी क्षति पहुंची है।
घटना के दौरान करीब आधे घंटे तक मरीन ड्राइव पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों ने खुद भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण स्थिति नियंत्रण में नहीं आ सकी। बाद में सूझबूझ दिखाते हुए आसपास की गाड़ियों को हटाया गया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम कार मालिक से संपर्क कर पूरे मामले की जांच में जुटी है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह तकनीकी खराबी का मामला है या किसी अन्य वजह से यह हादसा हुआ।पटना के इस हाई-प्रोफाइल इलाके में लगी यह आग एक बार फिर शहरी सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर सवाल छोड़ गई है।