Bihar Politics: बिहार में नई सरकार का गठन, बिजेंद्र प्रसाद यादव बने उपमुख्यमंत्री, कोसी क्षेत्र से मिला पहला डिप्टी सीएम
Bihar Politics: कोसी क्षेत्र के राजनीतिक इतिहास में यह पहला अवसर है जब यहाँ के बिजेंद्र प्रसाद यादव ने राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली है।
SUPAUL : बिहार की राजनीति में एक ऐतिहासिक अध्याय जोड़ते हुए वरिष्ठ जदयू नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव ने आज उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोसी क्षेत्र के राजनीतिक इतिहास में यह पहला अवसर है जब यहाँ के किसी नेता ने राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली है। पटना में आयोजित भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस नए सत्ता समीकरण में सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाली है, जबकि बिजेंद्र प्रसाद यादव के साथ विजय कुमार चौधरी ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
सुपौल जिले के मुरली गांव में 10 अक्टूबर 1946 को जन्मे बिजेंद्र प्रसाद यादव का राजनीतिक कद उनके दशकों के अनुभव और जनता से जुड़ाव का परिणाम है।वे वर्ष 1990 से लगातार सुपौल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।अपने लंबे करियर में उन्होंने ऊर्जा, योजना एवं विकास, वित्त, वाणिज्य कर, परिवहन और जल संसाधन जैसे कई भारी-भरकम विभागों को सफलतापूर्वक संभाला है। छात्र जीवन से ही समाजसेवा में सक्रिय रहने के कारण पूरे कोसी बेल्ट में उनका मजबूत जनाधार माना जाता है।
बिजेंद्र प्रसाद यादव के उपमुख्यमंत्री बनने की खबर मिलते ही सुपौल सहित पूरे कोसी क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। समर्थकों ने मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की। स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके इस पद पर बैठने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, बिजेंद्र प्रसाद यादव का तीन दशक से अधिक का विधायी अनुभव नई सरकार के लिए रीढ़ की हड्डी साबित होगा। प्रशासनिक बारीकियों की गहरी समझ और वरिष्ठता के कारण, सरकार के नीतिगत फैसलों में उनकी भूमिका अत्यंत निर्णायक रहने वाली है।
रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र