Bihar News : बिहार के नये सीएम और दोनो डिप्टी सीएम को पीएम ने बधाई दी, कहा-पूरा विश्वास है जनता की आकांक्षाएं होगी पूरी
बिहार मे नई सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री और विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव के डिप्टी सीएम बनने पर बधाई दी है....
Bihar News : नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में सत्ता परिवर्तन हुआ है. आज बुधवार को राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई. वहीं उनके साथ जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली. इसके साथ ही नई सरकार ने कामकाज संभाल लिया है. बिहार की राजनीति में इसे बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.
इधर सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री और विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव के डिप्टी सीएम बनने पर बधाई दी है.
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने सम्राट चौधरी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि उनके पास ऊर्जा, जनसेवा का जज्बा और जमीन से जुड़ा अनुभव है. पीएम ने कहा है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार जनता की उम्मीदों को पूरा करेगा और विकास के नए मुकाम हासिल करेगा.
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा है कि सम्राट चौधरी का नेतृत्व राज्य के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा. उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार चौतरफा विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा और लोगों की आकांक्षाएं पूरी होंगी.
*दोनों डिप्टी सीएम को भी दी बधाई*
वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों नए डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव को भी बधाई दी है. उन्होंने कहा है कि इन दोनों नेताओं का लंबा राजनीतिक अनुभव और जनहित के प्रति समर्पण बिहार के विकास को नई रफ्तार देगा. पीएम ने यह भी कहा कि इनके काम से राज्य में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के नए मानक स्थापित होंगे.