Bihar Politics:नीतीश कुमार के ट्विटर बायो में हुआ बड़ा बदलाव, जेडीयू ने बताया 'इतिहास का विरला त्याग'।

बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही नीतीश कुमार ने अपना सोशल मीडिया बायो बदल दिया है। जेडीयू ने इसे महान त्याग बताया है। जानिए क्या लिखा है नीतीश कुमार के नए प्रोफाइल बायो में।

nitish kumar changes social media bio
नीतीश कुमार के ट्विटर बायो में हुआ बड़ा बदलाव- फोटो : news 4 nation

बिहार में सत्ता परिवर्तन के साथ ही 'कमल राज' का आगाज हो चुका है और सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। इस बड़े पावर ट्रांसफर के बीच सबसे ज्यादा चर्चा नीतीश कुमार के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (Twitter) के बदले हुए बायो की हो रही है। नीतीश कुमार ने अपने प्रोफाइल से 'मुख्यमंत्री' शब्द हटाकर अब 'पूर्व मुख्यमंत्री, बिहार, सांसद राज्यसभा और अध्यक्ष जदयू' लिख लिया है। सत्ता के इस हस्तांतरण को नीतीश कुमार ने डिजिटल माध्यम से भी आधिकारिक बना दिया है।

जेडीयू ने बताया 'इतिहास का विरला त्याग'

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के फैसले पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने बेहद भावुक प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने इसे साहस और सिद्धांतों की राजनीति करार दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जहां कोई एक दिन के लिए भी सत्ता का मोह नहीं छोड़ता, वहीं नीतीश कुमार ने स्वेच्छा से पद त्यागकर एक ऐसी मिसाल कायम की है, जो भारतीय राजनीति के इतिहास में विरले ही देखने को मिलती है।

इशारों में लालू यादव और 'जंगलराज' पर निशाना

नीरज कुमार ने इस बदलाव के मौके पर बिहार के पुराने दिनों का जिक्र करते हुए अप्रत्यक्ष रूप से लालू प्रसाद यादव के शासनकाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय बिहार नरसंहार और जातीय उन्माद की आग में झुलस रहा था, जिसे लोग 'जंगलराज' के नाम से जानते थे। नीतीश कुमार ने सत्ता में आकर न केवल उस व्यवस्था को बदला, बल्कि समाज की सोच को विकास की ओर मोड़ा। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के साथ नीतीश कुमार के पुराने कार्यकालों की भी याद दिलाई।

सत्ता नहीं, समाज सुधार पर जोर

जेडीयू नेताओं का तर्क है कि असली नेतृत्व पदों से नहीं बल्कि समाज सुधार के कार्यों से झलकता है। पार्टी का मानना है कि नीतीश कुमार का यह कदम उनके चरित्र और अडिग सिद्धांतों का प्रमाण है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बीजेपी की नई सरकार बनने के बाद अब जेडीयू पूरी तरह से संगठन को मजबूत करने और नीतीश कुमार के 'त्याग' को जनता के बीच ले जाने की रणनीति पर काम कर रही है।