Bihar Weather: बिहार के इन जिलों में भारी-बारिश और आंधी का अलर्ट, ओले गिरने की भी संभावना, जानिए पटना में कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather: बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट तो 32 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही ओले गिरने की भी संभावनाएं जताई जा रही है।

बारिश
आंधी बारिश का अलर्ट - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में मौसम का डबल रोल देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशानी कर रही है तो वहीं शाम होते ही मौसम बदल जा रहा। ठंडी हवाओं से लोगों को राहत मिल रही है। वहीं दूसरी ओर दक्षिण बिहार के कई जिलों में तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश दर्ज की जा रही है। हालांकि राजधानी पटना में बारिश दर्ज नहीं हुई है। सुबह बादलों का डेरा रह रहा लेकिन जैसे जैसे दिन चढ़ रहा तेज धूप परेशान कर रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज 6 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।  

32 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी 

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में यह बदलाव अभी जारी रहेगा। सोमवार को भी बिहार के अधिकांश हिस्सों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। खासकर भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में ओलावृष्टि की प्रबल आशंका जताई गई है, जिसके चलते इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राज्य के अन्य 32 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

9 अप्रैल तक खराब रहेगा मौसम 

पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार में खराब मौसम का यह दौर 9 अप्रैल तक जारी रह सकता है। इस दौरान अलग-अलग हिस्सों में आंधी, बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। 7 अप्रैल को पूरे राज्य में येलो अलर्ट रहेगा, जबकि 8 अप्रैल को मौसम और उग्र हो सकता है। इस दिन सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, खगड़िया, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर समेत करीब 12 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है। 9 अप्रैल को भी पश्चिम बिहार को छोड़कर अधिकांश जिलों में मौसम अस्थिर बना रहेगा। हालांकि, 10 अप्रैल से मौसम के साफ होने की उम्मीद जताई गई है।

तापमान में गिरावट के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बिहार के ऊपर सक्रिय बादलों का सिस्टम बना हुआ है, जो पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके कारण राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है। रविवार को राज्य के पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई। रोहतास के डेहरी में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कैमूर, औरंगाबाद और गया में 36-37 डिग्री के बीच तापमान दर्ज किया गया। पटना और आसपास के इलाकों में तापमान 35-36 डिग्री के करीब रहा। वहीं, उत्तर बिहार और सीमांचल के जिलों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा।