दरोगा ने की आत्महत्या, कमरे में बंद कर खुद को उड़ाया, 15 दिन पहले ही संभाली थी थाने की कमान, सामने आई वजह
हाजीपुर के जढुआ ओपी अध्यक्ष कौशल कुमार ने सोमवार शाम अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। 2019 बैच के इस दरोगा ने निजी कारणों से यह कदम उठाया। पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी है।
Vaishali - बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहाँ हाजीपुर के जढुआ ओपी (आउट पोस्ट) अध्यक्ष ने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस आत्मघाती कदम के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
किराए के मकान में सर्विस रिवॉल्वर से मारी गोली
घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की है। 2019 बैच के सब इंस्पेक्टर और जढुआ ओपी प्रभारी कौशल कुमार ने जढुआ बैंकमैन कॉलोनी स्थित अपने किराए के मकान में खुदकुशी कर ली। एसपी विक्रम सिहाग के अनुसार, दरोगा ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से सिर में गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
15 दिन पहले ही मिली थी नई जिम्मेदारी
मृतक कौशल कुमार मूल रूप से खगड़िया जिले के रहने वाले थे। वे करीब 15 दिन पहले ही बिदुपुर थाना से स्थानांतरित होकर हाजीपुर आए थे। उनकी कार्यक्षमता को देखते हुए एसपी विक्रम सिहाग ने उन्हें फरवरी महीने में ही जढुआ ओपी अध्यक्ष की कमान सौंपी थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वे बेहद तेज-तर्रार अफसर माने जाते थे।
मौके पर पहुँचे आला अधिकारी और FSL टीम
घटना की सूचना मिलते ही एसपी विक्रम सिहाग, सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार और नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुँचा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुजफ्फरपुर से फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
निजी कारणों से आत्महत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच और एसपी के बयान के अनुसार, आत्महत्या का कारण प्रथम दृष्टया 'निजी मामला' प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इतने होनहार अधिकारी ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया।
Report - Rishav kumar