झारखंड से लौटते ही नवादा पहुंचे तेजस्वी यादव, राजवल्लभ प्रसाद के आवास पर पीड़ित परिवार से की मुलाकात
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नवादा में अखिलेश कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया। विधायक विभा देवी ने अस्पताल की लापरवाही की शिकायत की, तेजस्वी ने उच्च स्तरीय जांच का दिया आश्वासन।
Nawada - बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सोमवार को नवादा पहुंचे। झारखंड से लौटने के क्रम में वे सीधे पूर्व राज्य मंत्री राजवल्लभ प्रसाद यादव के पथरा इंग्लिश स्थित आवास पर गए। यहाँ उन्होंने अखिलेश कुमार के असामयिक और दुखद निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की और पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक विभा देवी ने लगाया लापरवाही का आरोप
मुलाकात के दौरान जदयू विधायक विभा देवी भावुक हो गईं और उन्होंने अपने पुत्र अखिलेश कुमार की मौत के लिए अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने तेजस्वी यादव को बताया कि फर्जी चिकित्सकों और अप्रशिक्षित कर्मियों के कारण उनके बेटे की जान गई है। विधायक ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और दस्तावेज भी नेता प्रतिपक्ष को सौंपे।
न्याय और हर संभव मदद का आश्वासन
तेजस्वी यादव ने परिवार द्वारा दिए गए आवेदन को स्वीकार करते हुए उन्हें पूर्ण न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन और दोषी स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
राजनीतिक दिग्गजों की रही मौजूदगी
इस शोक सभा और मुलाकात के दौरान जिले के कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से पूर्व विधायक कौशल यादव शामिल थे। तेजस्वी यादव ने परिवार के साथ बैठकर घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली और वर्तमान स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों पर भी चिंता व्यक्त की।
स्वागत के लिए उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़
तेजस्वी यादव के नवादा आगमन की सूचना मिलते ही दोपहर से ही जिले के विभिन्न हिस्सों से राजद नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का हुजूम जुटना शुरू हो गया था। हालांकि, उनका आगमन शाम के वक्त हुआ, फिर भी कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद वे सीधे राजवल्लभ प्रसाद के आवास के लिए रवाना हो गए।
रिपोर्ट *- अमन सिन्हा