अग्रवाल स्कूल के समागम में जुटे पूर्ववर्ती छात्र, विद्यालय की बदहाली देख छलका दर्द, न्यूज4नेशन के CEO कौशलेंद्र प्रियदर्शी बोले - वापस दिलाएंगे खोई प्रतिष्ठा
गया के बेलागंज स्थित अग्रवाल स्कूल में पूर्ववर्ती छात्र समागम का आयोजन। शिक्षकों की अनुपस्थिति और विद्यालय की गिरती स्थिति पर पूर्व छात्रों ने जताई नाराजगी। DEO से शिकायत की तैयारी।
Gayaji/belaganj - गया जिले के बेलागंज प्रखंड मुख्यालय स्थित अग्रवाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को 'पूर्ववर्ती छात्र समागम समारोह' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक स्व. गुलाबचंद लाल अग्रवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित पूर्व प्रधानाध्यापक रामप्रवेश सिंह ने की। वक्ताओं ने याद किया कि कभी यह स्कूल पूरे बिहार में अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए मिसाल था, लेकिन आज इसकी स्थिति दयनीय हो चुकी है।

शिक्षकों की 'सामूहिक अनुपस्थिति' से बढ़ा विवाद

कार्यक्रम का सबसे विवादित पहलू विद्यालय के वर्तमान प्रशासन और शिक्षकों का रवैया रहा। इतने बड़े आयोजन और पूर्व सूचना के बावजूद, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित एक भी शिक्षक समारोह में उपस्थित नहीं हुआ। बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान ही प्रधानाध्यापक विद्यालय में छुट्टी कर चले गए। पूर्व छात्रों और गणमान्य अतिथियों ने इसे विद्यालय की गरिमा का अपमान बताया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की यही उदासीनता विद्यालय के पतन का मुख्य कारण है।

शिक्षा के गिरते स्तर पर तीखे सवाल
समारोह में जुटे पूर्व छात्रों ने विद्यालय की वर्तमान व्यवस्था पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। वक्ताओं ने शिक्षकों की अनियमित उपस्थिति, छात्रों में घटते अनुशासन और पढ़ाई के गिरते स्तर को लेकर वर्तमान प्रबंधन को घेरा। पूर्व छात्र संघ ने आरोप लगाया कि विद्यालय के खुलने और बंद होने का समय तक अब निश्चित नहीं रह गया है। इस पूरे मामले की औपचारिक शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) से करने और जांच की मांग उठाने का निर्णय लिया गया।

खोई प्रतिष्ठा वापस दिलाने का संकल्प


समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के पूर्व छात्र एवं न्यूज4नेशन के सीईओ कौशलेंद्र प्रियदर्शी ने भरोसा दिलाया कि पूर्व छात्र एकजुट होकर इस ऐतिहासिक संस्थान की खोई प्रतिष्ठा वापस दिलाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष यह समागम और भी व्यापक स्तर पर होगा, जिसमें प्रदेश स्तर की बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय की बेहतरी के लिए हर संभव सहयोग का वादा किया।
इनकी रही सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम के सफल संचालन में पूर्ववर्ती छात्र संघ के अध्यक्ष ई. रविन्द्र कुमार, संयोजक रविशंकर कुमार, सचिव पंकज कुमार और कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौके पर अभय चंद प्रजापति, राम सुमिरन शर्मा, रामविनय सिंह, शंभू शरण शर्मा समेत सैकड़ों की संख्या में पूर्व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में विद्यालय की स्थिति सुधारने के लिए आंदोलन और ठोस कदम उठाने पर बल दिया।
रिपोर्ट: प्रभात कुमार मिश्रा, गया।