बिहार में मौसम का डबल अटैक! पहले झुलसाएगी गर्मी, फिर बढेगी परेशानी, इन इलको के लिए आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Bihar Mausam: बिहार में मौसम का मिज़ाज अब धीरे-धीरे गरम रुख़ अख़्तियार करता नज़र आ रहा है। मार्च के आख़िरी हफ़्ते में सूर्य की तपिश बढ़ने लगी है,

Bihar Weather Heat Rises Storm Alert for March 27 28
बिहार में बढ़ेगी गर्मी, फिर बरसेगा पानी- फोटो : X

Bihar Mausam: बिहार की फिजा में अब धीरे-धीरे तेज गर्मी की आहट महसूस होने लगी है। मार्च का आखिरी हफ़्ता अपने साथ धूप की तल्खी और हवा में हल्की गरमाहट लेकर आया है। आसमान फिलहाल साफ है, फलक पर बादलों की आमद कम है, लेकिन मौसम का मिजाज पूरी तरह से स्थिर नहीं कहा जा सकता। मौसम विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक 25 मार्च को पूरे सूबे में मौसम  ख़ुश्क रहेगा। दिन के समय सूर्य की चमक कुछ ज़्यादा ही असर दिखाएगी, जिससे हल्की गर्मी का एहसास होगा। हालांकि सुबह की नर्मी और रात की ख़ुशगवार ठंडक अभी बरकरार है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के दरमियान और न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अंदाज़ा है।

लेकिन यह सुकून ज़्यादा दिनों तक कायम रहने वाला नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ की हलचल से मौसम में तब्दीली के आसार बन रहे हैं। 26 मार्च के बाद कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और हल्की बारिश की फुहारें देखने को मिल सकती हैं। हालांकि यह असर महदूद इलाकों तक ही सीमित रहेगा।

27 और 28 मार्च को मौसम अपना असली रंग दिखा सकता है। इन दिनों गरज-चमक, वज्रपात और तेज़ रफ़्तार हवाओं का ख़तरा मंडरा रहा है। हवाओं की रफ़्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो मौसम को अचानक से ख़ौफ़नाक बना सकती है। आसमान में कड़कती बिजली और तेज़ बारिश का संगम लोगों को सतर्क रहने का पैग़ाम दे रहा है।

तापमान की बात करें तो अगले 48 घंटों में इसमें 2 से 4 डिग्री तक का इज़ाफ़ा हो सकता है, जिससे गर्मी का असर और गहरा होगा। हालांकि रात के तापमान में कोई बड़ी तब्दीली नहीं होगी।

पिछले 24 घंटों में भी मौसम ने हल्की करवट ली थी। ज़्यादातर इलाकों में ख़ुश्की रही, मगर सारण, कैमूर और बक्सर में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। पटना में तेज़ हवाओं ने थोड़ी राहत दी, जिससे मौसम में हल्की ठंडक बनी रही।फिलहाल, बिहार का मौसम एक दिलचस्प मोड़ पर खड़ा है जहां गर्मी की दस्तक के साथ-साथ बारिश और आंधी भी दस्तक दे रहा है।