कांग्रेस को राष्ट्रीय मुख्यालय 24 अकबर रोड खाली करने का नोटिस, यूथ कांग्रेस कार्यालय भी छोड़ना होगा, 28 मार्च तक डेडलाइन

कांग्रेस को 48 सल पुराने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मुख्यालय 24 अकबर रोड को खाली करने का नोटिस कमिला है जिसके बाद सियासत गरमा गई है.

Congress national headquarters
Congress national headquarters- फोटो : news4nation

Congress national headquarters : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को उसके पुराने राष्ट्रीय मुख्यालय 24 अकबर रोड और यूथ कांग्रेस कार्यालय 5 रायसीना रोड को खाली करने का नोटिस मिला है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, इन परिसरों को खाली करने की अंतिम तारीख 28 मार्च तय की गई है। करीब 48 वर्षों से 24 अकबर रोड स्थित बंगला कांग्रेस का केंद्रीय मुख्यालय रहा है। इंदिरा गांधी के समय से यह कार्यालय पार्टी के कई ऐतिहासिक फैसलों और अहम राजनीतिक घटनाओं का साक्षी रहा है। हालांकि, पिछले साल कांग्रेस ने अपना नया मुख्यालय “इंदिरा भवन” में स्थानांतरित कर लिया था, इसके बावजूद पुराने दफ्तर में गतिविधियां जारी थीं।


सूत्रों के अनुसार, नए मुख्यालय में शिफ्ट होने के बाद भी 24 अकबर रोड और 5 रायसीना रोड स्थित कार्यालयों को पूरी तरह खाली नहीं किया गया था। अब नोटिस मिलने के बाद पार्टी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।


ऐसे बदलता गया कांग्रेस का मुख्यालय

समय के साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मुख्यालय का स्थान भी बदलता रहा। एक दौर में 10 जनपथ और 24 अकबर रोड के बीच एक मजबूत तालमेल देखा जाता था। पास-पास स्थित ये दोनों जगहें पार्टी के प्रमुख शक्ति केंद्र के रूप में जानी जाती थीं, जहां कई महत्वपूर्ण बैठकों और राजनीतिक फैसलों का दौर चलता था। आजादी से पहले पार्टी की गतिविधियों का केंद्र आनंद भवन था, जो मोतीलाल नेहरू का इलाहाबाद स्थित निवास था। वहीं से कांग्रेस की कई अहम रणनीतियां तैयार होती थीं। 1947 में देश की आजादी के बाद पार्टी का मुख्यालय इलाहाबाद से नई दिल्ली स्थानांतरित कर दिया गया, जिसके बाद राजधानी में ही कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों का संचालन होने लगा।


कांग्रेस का तीखा हमला

नोटिस को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि यह कदम लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं, सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि सरकार दबाव बनाकर विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसी तरह की कार्रवाई अन्य दलों के कार्यालयों पर भी की गई है। उन्हें हमें डराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। क्या उन्होंने भाजपा के कार्यालय 11 अशोक रोड या पंत मार्ग के मामले में भी ऐसा किया है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अन्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।


जनवरी, 2025 में इंदिरा भवन का उद्घाटन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ने जनवरी, 2025 में नई दिल्ली में पार्टी के नए मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ का उद्घाटन किया था. इस उद्घाटन समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे.