Bihar Police: रील का नशा दारोगाजी पर पड़ा भारी, हथियार के साथ बनाया था वीडियो, एसपी ने कर दिया सस्पेंड, महकमे में हड़कंप
Bihar Police:एक दरोगा जी को रील बनाना इतना महंगा पड़ गया कि उनकी वर्दी पर ही सवाल खड़े हो गए।...
Bihar Police:एक दरोगा जी को रील बनाना इतना महंगा पड़ गया कि उनकी वर्दी पर ही सवाल खड़े हो गए।कटिहार के बरारी थाना में पदस्थापित एएसआई दिवाकर सरकार को सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाकर वायरल करना भारी पड़ गया, जिसके बाद एसपी ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला बरारी के सर्वनाम दियारा क्षेत्र का है, जहां एएसआई दिवाकर सरकार ड्यूटी के दौरान भ्रमण कार्यक्रम पर थे। इसी दौरान उन्होंने शोहरत के चक्कर में हथियार के साथ एक रील बनाई और उसे खुद ही वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामला सीधे आला अधिकारियों तक पहुंच गया।
जांच में यह बात साफ हुई कि ड्यूटी के दौरान इस तरह का स्टंट करना न सिर्फ अनुशासनहीनता है, बल्कि विभागीय नियमों का खुला उल्लंघन भी है। इसके बाद कटिहार एसपी ने बिना देर किए कड़ा एक्शन लेते हुए एएसआई को सस्पेंड कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस विभाग पहले भी कई बार अपने कर्मियों को सख्त हिदायत दे चुका है कि ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया के लिए रील बनाना या हथियारों का प्रदर्शन करना पूरी तरह मना है। इसके बावजूद अगर कोई पुलिसकर्मी लाइमलाइट के चक्कर में नियमों को ताक पर रखता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर क्यों कुछ पुलिसकर्मी वर्दी की गरिमा भूलकर सोशल मीडिया के चक्कर में पड़ जाते हैं। वहीं, विभाग इस कार्रवाई को नजीर के तौर पर देख रहा है,ताकि भविष्य में कोई और ऐसी गलती करने से पहले दस बार सोचे। फिलहाल, इस रील कांड के बाद पुलिस महकमे में सख्ती बढ़ा दी गई है और साफ संदेश दे दिया गया है ड्यूटी के वक्त रील नहीं, रियल जिम्मेदारी निभानी होगी,वरना कार्रवाई तय है।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह