Bihar Weather: बिहार में सक्रिय हुआ 'पश्चिमी विक्षोम', शीतलहर और कोल्ड डे का अलर्ट, 1 दिसंबर से पड़ेगी कड़ाके की ठंड
Bihar Weather: बिहार में अब कड़ाके की ठंड पड़ेगी। राज्य में पश्चिमी विक्षोम सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अब शीतलहर और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। दिसंबर में कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
Bihar Weather: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पिछले कई दिनों से चल रही सर्द पछुआ हवाओं के कारण तापमान लगातार गिर रहा है। शाम होते ही कनकनी बढ़ जाती है और लोग ठंड का तेज अहसास कर रहे हैं। इसी बीच मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है। इस सीजन का पहला मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से राज्य के ज्यादातर जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। आने वाले दिनों में शीतलहर और कोल्ड डे जैसी स्थिति बनने की पूरी आशंका जताई जा रही है।
1 दिसंबर से दिखेगा बड़ा असर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार के कई जिलों में तेज हवा चलने की संभावना है। इसके चलते अगले 2–3 दिनों तक तापमान में लगातार गिरावट जारी रह सकती है और ठंड का असर और तेज होगा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 1 दिसंबर से राज्य के कई जिलों पर दिखना शुरू होगा। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, सीवान सहित उत्तर बिहार के जिलों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। आईएमडी ने भी चेतावनी दी है कि दिसंबर की शुरुआत से ही ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है और न्यूनतम तापमान तेजी से लुढ़क सकता है।
बीते 24 घंटों में कैसा रहा मौसम
राज्य के अधिकतर जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान ठंड का असर बढ़ा। पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर सहित कई इलाकों में हवा चली, हालांकि किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई। तापमान की बात करें तो फारबिसगंज (अररिया) में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि औरंगाबाद 11.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा जिला रहा।
आज कैसा रहेगा मौसम
29 नवंबर को उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व और दक्षिण बिहार के सभी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। आज अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 26–28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14–16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की ठंड और ठंडी हवाएं महसूस की जा सकती हैं।