Bihar Weather: बिहार में बदला मौसम का मिजाज, 19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानिए पटना का हाल

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पटना सहित अन्य जिलों के लिए भीषण गर्मी का असर जारी है।

बारिश
19 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। बीते कई दिनों से तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, लेकिन अब मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। बीते शाम से ही ठंडी हवाएं चल रही है। कई जिलों का मौसम बदला-बदला नजर आ रहा है। 

19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट 

वहीं मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण ‘काल बैसाखी’ जैसी स्थिति बन रही है, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना है। रविवार को राज्य के 19 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही अगले 4 से 5 दिनों तक बिहार के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

पटना सहित इन जिलों में बारिश की उम्मीद नहीं 

दूसरी ओर, दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पटना, गया, रोहतास और बक्सर समेत कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश के संकेत नहीं हैं। इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रह सकता है। वहीं, उत्तर और पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में शनिवार शाम मौसम ने करवट ली। सुपौल, किशनगंज और मधुबनी में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि मुजफ्फरपुर में तेज हवा के साथ बादल छाए रहे। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम का डबल रोल

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में फिलहाल दो तरह का मौसम देखने को मिलेगा। दक्षिण और मध्य क्षेत्रों में जहां गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा, वहीं उत्तर और पूर्वी जिलों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी। इस दौरान तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका बनी रहेगी।

काल बैसाखी का दिखेगा असर 

राजधानी पटना में भी ‘काल बैसाखी’ का असर देखने को मिल सकता है। सोमवार से हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि फिलहाल दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब तक इन क्षेत्रों में अच्छी बारिश नहीं होती, तब तक गर्मी से राहत मिलना मुश्किल है।