Patna Protest: दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द होने पर पटना में संग्राम, CM हाउस कूच पर अड़े अभ्यर्थी, कंटीले तारों से घिरी सड़कें
Patna Protest: बिहार में 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थियों का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है।...
Patna Protest: बिहार में 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थियों का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है। पटना में सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। 10,789 सफल अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान से लोक सेवक आवास तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से होने की बात कही गई है।
अभ्यर्थियों के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस ने भी सुरक्षा और बैरिकेडिंग की तैयारी तेज कर दी है। डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई है और अभ्यर्थियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कंटीले तार लगाए गए हैं। इसके अलावा इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है। लोहे की शील्ड और बैरिकेड के जरिए भी सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।
सात दिन से धरने पर बैठे हैं अभ्यर्थी
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले सात दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी बात पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है। इसी वजह से अब उन्होंने गांधी मैदान से लोक सेवक आवास तक प्रदर्शन करने का फैसला लिया है।अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी मांग 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द करने संबंधी नोटिस को वापस लेने की है। उनका कहना है कि प्रारंभिक परीक्षा यानी PT में सफल होने के बाद उन्होंने मेंस परीक्षा की तैयारी की और निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा भी दी। मेंस में सफलता मिलने के बाद वे पिछले कई महीनों से शारीरिक परीक्षा की तैयारी में जुटे थे।
परीक्षा रद्द होने से भविष्य पर संकट का सवाल
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के कई अहम चरण पार करने के बाद अचानक मेंस परीक्षा रद्द किए जाने से उनका भविष्य अधर में लटक गया है। कई अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा की तैयारी में समय और संसाधन लगाए हैं। ऐसे में परीक्षा रद्द होने के फैसले ने उनके बीच असमंजस और नाराजगी बढ़ा दी है।
अब अभ्यर्थी सरकार से भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट करने और रद्दीकरण के फैसले को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गांधी मैदान से लेकर डाकबंगला और आगे के इलाकों में पुलिस की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई है।अभ्यर्थियों के मार्च और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच पटना में आज टकराव की स्थिति न बने, इसके लिए प्रशासन की रणनीति पर भी नजर रहेगी। फिलहाल प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर कायम हैं और लोक सेवक आवास तक मार्च निकालने की तैयारी में हैं।