बिहार एमएलसी उपचुनाव की घोषणा, भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकरण सीट पर 12 मई को मतदान
बिहार विधान परिषद की भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त सीट पर उपचुनाव के लिए 12 मई को मतदान होगा.
Bihar MLC by-election : भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा गुरुवार को इसकी घोषणा की गई। यह सीट सदस्य निवर्तमान एमएलसी राधा चरण साह के विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद खाली हुई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस रिक्ति को भरने के लिए तय कार्यक्रम के तहत चुनाव प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिसूचना 16 अप्रैल 2026 को जारी होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 24 अप्रैल को होगी और उम्मीदवार 27 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस सीट के लिए मतदान 12 मई 2026 (मंगलवार) को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतों की गिनती 14 मई को होगी, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया 15 मई 2026 तक संपन्न कर ली जाएगी। आयोग ने यह भी बताया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्र में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस उपचुनाव को लेकर भोजपुर और बक्सर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और विभिन्न दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
26 वोट से जीते चुनाव
दरअसल, पिछले वर्ष हुए बिहार विधानसभा चुनाव में संदेश विधानसभा सीट से जदयू उम्मीदवार राधा चरण शाह उर्फ सेठ ने कड़ी टक्कर में राजद के दीपू सिंह को 26 मतों से हराकर जीत दर्ज की।