बिहार IAS तबादला 2026: पटना समेत कई जिलों को मिले नए DM, कुंदन कुमार बने पटना जिलाधिकारी
Bihar IAS Transfer : बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, रोहतास, जहानाबाद, बांका, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और खगड़िया समेत कई जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदला गया है। नई तैनाती का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
सबसे अहम बदलाव राजधानी पटना में हुआ है। 2012 बैच के आईएएस अधिकारी कुंदन कुमार को पटना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वे इससे पहले नालंदा के डीएम के पद पर कार्यरत थे। वहीं, पटना के निवर्तमान डीएम त्यागराजन एस.एम. को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें स्वास्थ्य विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
भागलपुर जिले की कमान अब जहानाबाद की डीएम अलंकृता पाण्डेय संभालेंगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव छिरिङ वाई. भूटिया को जहानाबाद का नया डीएम बनाया गया है।
मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन का तबादला बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड (BMICL) के प्रबंध निदेशक पद पर किया गया है। उनकी जगह कुमार गौरव को मुजफ्फरपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
रोहतास (सासाराम) की डीएम उदिता सिंह को नालंदा का नया डीएम बनाया गया है, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव दीपक कुमार मिश्रा को रोहतास का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, निबंधन महानिरीक्षक-सह-उत्पाद आयुक्त अंशुल अग्रवाल को बांका का डीएम बनाया गया है। वहीं, कम्फेड के प्रबंध निदेशक समीर सौरभ को गोपालगंज जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव को पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) का नया डीएम नियुक्त किया गया है। वहीं प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम विरकर को खगड़िया का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
प्रमुख जिलों के नए DM की सूची
पटना – कुंदन कुमार
भागलपुर – अलंकृता पाण्डेय
मुजफ्फरपुर – कुमार गौरव
नालंदा – उदिता सिंह
रोहतास – दीपक कुमार मिश्रा
जहानाबाद – छिरिङ वाई. भूटिया
बांका – अंशुल अग्रवाल
गोपालगंज – समीर सौरभ
पूर्वी चंपारण – सौरभ सुमन यादव
खगड़िया – विक्रम विरकर
बिहार सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।