Muzaffarpur Hospital: अस्पताल के वार्ड में शराब! मुजफ्फरपुर SKMCH से चौंकाने वाला मामला सामने आया
Muzaffarpur Hospital: मुजफ्फरपुर के SKMCH अस्पताल में हड्डी रोग वार्ड से देसी शराब बरामद हुई। मरीज के पिता और भाई को पुलिस ने हिरासत में लिया, मामले की जांच जारी है।
Muzaffarpur Hospital: श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में गुरुवार (18 जून 2026) को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। अस्पताल के हड्डी रोग वार्ड (वार्ड नंबर-2) में भर्ती एक मरीज के परिजनों पर वार्ड के अंदर शराब पीने और शराब छिपाकर लाने का आरोप लगा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देसी शराब बरामद की और मरीज के पिता व भाई को हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र निवासी बबलू शर्मा भर्ती हैं। वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि बबलू शर्मा के पिता और भाई कई दिनों से चोरी-छिपे अस्पताल परिसर में शराब लेकर आ रहे थे और वार्ड के आसपास उसका सेवन कर रहे थे।
मरीजों का कहना है कि पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी देसी शराब को पानी, माजा और अन्य सॉफ्ट ड्रिंक की बोतलों में भरकर अस्पताल के अंदर लाते थे। इससे वार्ड में भर्ती मरीजों, महिलाओं और उनके परिजनों को काफी परेशानी हो रही थी। गुरुवार को वार्ड में भर्ती एक मरीज ने इस मामले की शिकायत अस्पताल प्रशासन से की। शिकायत मिलते ही SKMCH ओपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध लोगों के सामान की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को एक झोले में रखी कोल्ड ड्रिंक की बोतल मिली, जिसमें देसी शराब भरी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मरीज के पिता चंदेश्वर ठाकुर और उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
अस्पताल में कैसे पहुंची शराब?
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में शराब कैसे पहुंची। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि इसके पीछे किसी बाहरी या अंदरूनी नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। SKMCH के अधीक्षक महेश प्रसाद ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि अस्पताल इलाज की जगह है और यहां किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वार्ड में सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी किसकी होती है?
अधीक्षक ने यह भी कहा कि वार्ड में सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित सिस्टर इंचार्ज की होती है। अगर जांच में किसी अस्पताल कर्मी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। SKMCH ओपी प्रभारी पिंटू कुमार ने बताया कि मौके से बरामद देसी शराब को जब्त कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मुख्य गेट पर सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद शराब अस्पताल के अंदर किस रास्ते से पहुंची।
मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा की रिपोर्ट